मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का निर्देश पद सँभालते ही दे दिया था। उसके बाद से ही प्रदेश के माफियाओं के खिलाफ एक अभियान चालू है। वहीं अब प्रशासन ने गोरखपुर के माफिया सुधीर सिंह की करीब 10 करोड़ की प्रॉपर्टी को जब्त किया है। माफिया सुधीर सिंह सीएम योगी के गृह क्षेत्र का है।

गोरखपुर सदर और सहजनवां क्षेत्र में सुधीर सिंह के दो मकान और जमीन को जब्त किया गया है और उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी और फैक्ट्री को भी प्रशासन ने जब्त किया है। साथ ही माफिया के चार बैंक खाते भी सीज कर दिए गए हैं। सुधीर सिंह पूर्व में ब्लॉक प्रमुख भी रह चुका है और उसके खिलाफ कुल 38 मुक़दमे दर्ज हैं। प्रशासन पहले से ही कार्रवाई की तैयारी कर रहा था।

प्रशासन ने सहजनवां के कालेसर में सुधीर सिंह के मकान, करीब 3 बीघा जमीन को जब्त किया और आईसीआईसीआई-एचडीएफसी बैंक में चार खतों को सीज किया है। गोरखपुर पुलिस और गोरखपुर डीएम ने ये कार्रवाई की है। बता दें की सुधीर सिंह बीएसपी में है और 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उसे सहजनवां से प्रत्याशी बनाया था।

वहीं पिछले वर्ष भी माफिया सुधीर सिंह के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की थी। सुधीर सिंह के शाहपुर इलाके में एल्युमिनियम फैक्ट्री स्थित आवास पर सरकारी ताला जड़ दिया गया था, क्योंकि प्रशासन ने घर की कुर्की की थी। माफिया की संपत्ति कुर्क करने का आदेश पहले ही हो गया था। लेकिन गाड़ी के नंबर में गलती के चलते कार्रवाई में देरी हुई। माफिया को कार्रवाई की भनक पहले ही लग गई थी और इसको देखते हुए उसने अपना सारा कीमती सामान पहले ही घर से हटवा दिया था।

प्रशासन, शासन के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। हाल ही में विकास दूबे, मुख़्तार अंसारी और अतीक अहमद की संपत्ति को प्रशासन ने जब्त किया था। ये संपत्ति करीब 100 करोड़ से अधिक की थी। अतीक अहमद और मुख़्तार अंसारी दोनों जेल में बंद हैं।