उत्तर प्रदेश में बसपा, सपा और कांग्रेस के छह और विधायक गुरुवार (11 अगस्त) को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए, जिसे अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की ताकत बढ़ने के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा में आज (गुरुवार, 11 अगस्त) शामिल होने वाले विधायको में तीन कांग्रेस, दो बसपा और एक सपा के हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में कांग्रेस के संजय जायसवाल, विजय दुबे और माधुरी वर्मा, बसपा के राजेश त्रिपाठी और बाला प्रसाद अवस्थी तथा सपा के शेर बहादुर सिंह ने गुरुवार (11 अगस्त) को अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
गौरतलब है कि हाल ही में बसपा मुखिया मायावती के खिलाफ बगावत करके पार्टी छोड़कर आए विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने तीन दिन पहले दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ले ली थी और बुधवार (10 अगस्त) को यहां पहुंचने पर दो और बसपा विधायक भाजपा में शामिल हुए थे। विधायकों के इस पाला बदल को आम तौर पर हर चुनाव के पहले होने वाले दलबदल के रूप में देखा जा रहा है और बुधवार (10 अगस्त) को ही कांग्रेस के तीन निष्कासित तथा सपा का एक विधायक बसपा में शामिल हो गए थे।
