यूपी चुनाव में किला फतेह करने की कोशिश में लगे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने जोकर कहा है। लालू ने उत्तर प्रदेश के मथुरा यात्रा के दौरान मीडिया से बात करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसान यात्रा के नाम पर यूपी में जोकरी कर रहे हैं, वह बहुत बड़े जोकर हैं। बता दें इन दिनों कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर किसान यात्रा कर रहे हैं।
लालू यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेख यादव की तारीफ करते हुए कहा कि 2017 में फिर से यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि यूपी के सीएम अखिलेश यादव स्मार्टफोन बांट रहे हैं तो इसमें गलत क्या कर रहे हैं। जनता का माल है जनता को दे रहे हैं। लालू ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आप के मंत्री तो रासलीला की मंडी में विकास का काम कर रहे हैं। आप के मंत्रियों के कारनामों से अन्ना हजारे का भी इनसे मोहभंग हो गया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर खाट सभा के जरिए किसानों से मुलाकात कर रहे हैं। किसान रैली की शुरुआत यूपी के देवरिया से की गई थी। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा था। रैली के दौरान राहुल ने पीएम मोदी से किसानों के कर्ज माफ करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस किसानों की लड़ाई लड़ेगी।
गौरतलब है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार (जेडीयू-आरजेडी-कांग्रेस) सत्ता में है। ऐसे में लालू यादव का कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर टिप्पणी करना विवाद खड़ा हो सकता है। हालांकि कांग्रेस की ओर से लालू के इस बयान पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। लालू यादव कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अक्सर तारीफ करते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान लालू यादव ने राहुल गांधी के साथ मंच साझा करने से इनकार कर दिया था।

