दिल्ली की पुलिसिंग की जिम्मेदारी पूरी तरह राज्य सरकार को देने की मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की बार-बार की मांगों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती का कहना है कि पुलिस की जिम्मेदारी पूरी तरह से दिल्ली राज्य सरकार को देना ठीक नहीं होगा।

मायावती ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली में अपराध नियंत्रण की हालत उत्तर प्रदेश की ही तरह काफी खराब है। दिल्ली की पुलिसिंग की जिम्मेदारी केन्‍द्र की भाजपा सरकार की है। जब भाजपा दिल्ली में कानून-व्यवस्था को नहीं सम्भाल पायी है तो यह उत्तर प्रदेश में कैसे सम्भाल पायेगी।

इस सवाल पर कि क्या वह दिल्ली की पुलिसिंग की जिम्मेदारी अरविन्द केजरीवाल सरकार के हाथों में देने की पक्षधर हैं, बसपा मुखिया ने कहा ‘‘यह बहुत गम्भीर और महत्वपूर्ण मामला है। दिल्ली सरकार को कुछ भाग दिया जा सकता है। पूरी तरह से पुलिस की जिम्मेदारी दिल्ली की केजरीवाल सरकार को देना ठीक नहीं होगा।’’