सपा नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव एक बार फिर दादा बने हैं। उनकी छोटी बहु अपर्णा यादव ने बेटी को जन्म दिया है। अपर्णा के भाई अमन सिंह बिष्ट ने खुद यह जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि बहन ने लखनऊ के सहारा हॉस्पिटल में शनिवार (22 सितंबर, 2018) के दिन बेटी को जन्म दिया। अपर्णा की यह दूसरी बेटी है, उन्हें एक बेटी और भी है। अपर्णा वरिष्ठ सपा नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। वह सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता रही हैं। इसके अलावा वह कैंट से विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं। हालांकि उन्हें भाजपा उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी से चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। खास बात यह है कि अपर्णा के पति और मुलायम के बेटे प्रतीक राजनीति में सक्रिय नहीं हैं। उनका अपना बिजनेस है और लखनऊ में जिम चलाते हैं।
यहां बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने के बाद अपर्णा यादव ने पति संग राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से मुलाकात की थी। इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में खासी चर्चा हुई। कहा जाने लगा कि अपर्णा भाजपा का दामन थाम सकती हैं और उन्हें फूलपुर से लोकसभा का उप चुनाव लड़ाया जा सकता है। हालांकि बाद में ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसके अलावा 2017 के विधानसभा चुनाव में अपर्णा जब लखनऊ कैंट से मैदान में थीं, तब मुलायम सिंह यादव की बड़ी बहू और पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल ने उनके पक्ष में खूब प्रचार किया था।
लखनऊ : मुलायम सिंह यादव बने दादा, अपर्णा सिंह यादव ने दिया बेटी को जन्म. pic.twitter.com/kWXL3J6b3I
— UttarPradesh.ORG News (@WeUttarPradesh) September 24, 2018