राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में सत्ता में आई कांग्रेस ने दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा की है। हालांकि उत्तर प्रदेश सांसद ने किसानों की कर्ज माफी पर ही सवाल उठा दिए हैं। सांसद का मानना है कि किसानों की कर्ज माफी से कोई लाभ नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि किसानों की कर्ज माफी से उनका भला नहीं होने वाला। शनिवार को प्रदेश के वीआईपी गेस्ट हाउस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने ये बात कही। उन्होंने कहा, ‘भदोही सांसद ने किसानों के कर्ज माफी की घोषणा की। मगर इससे किसानों का भला नहीं होगा। किसान कर्ज लेकर आधे पैसों से खेती का सामान खरीदते हैं जबकि आधे बचे पैसों से गाड़ी खरीद लेते हैं। यही कारण है जिसकी वजह से उनका कर्ज चुकता नहीं हो पाता है। अगर हम उनके कल्याण की सोचते हैं तो किसानों के सामाजिक स्तर को भी सुधारना होगा। पंचायतों को मजबूती देनी होगी।’ भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में ग्रामोदय की शुरुआत की है। इससे सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। हम इस सरकार के सामने रखेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुद्रास्फीति, सस्ते कर्ज, स्वास्थ्य देखभाल गुणवत्ता और किसानों का न्यूनतम समर्थन बढ़ाने जैसे विषयों के बारे में बताया। तमिलनाडु के भाजपा कार्यकर्ताओं को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ही दिन पहले खुदरा मंहगाई दर सिर्फ 2.3 प्रतिशत पर आ गई लेकिन आम आदमी इस बात को नहीं समझ सकता। उन्होंने कहा कि ये बातें समझाए जाने की जरुरत है।
उन्होंने कहा कि साल 2010 में एक किलो मूंग दाल 86 रुपए में मिलती थी जो 2014 में 90 रुपए प्रति किलो हो गई। उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह दाल के दामों में इजाफा होता तो अब तक इसके दाम 95 से 100 रुपए पहुंच गए होते, लेकिन आज दाल के दाम 70 से 80 रुपए किलो हैं। इसी तरह मध्यम वर्ग को सपने साकार करने के लिए दिए जाने वाले कर्ज भी सस्ते हुए हैं। शिक्षा, घर और कार लोन अब काफी कम दरों पर उपलब्ध है जिससे ईएमआई कम हुई हैं और आम नागरिकों की बचत में इजाफा हुआ है। प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तीन महीने से भी कम समय में पांच लाख लोगों ने मुफ्त में इलाज कराकर इसका फायदा उठाया है। (एजेंसी इनपुट सहित)