सीबीआई के विशेष जज शिवपाल सिंह के जालौन स्थित घर डकैती हुई है। शिवपाल सिंह रांची स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में जज हैं। चारा घोटाले के एक मामले में जज शिवपाल सिंह ने ही लालू यादव को दोषी मानते हुए कारावास की सजा सुनाई थी। शिवपाल सिंह का घर उत्तर प्रदेश के जालौन में स्थित है। बुधवार (20 जून) देर रात चोरों ने जालौन कोतवाली के शेखपुर खुर्द ग्राम में स्थित जज शिवपाल सिंह के पुश्तैनी घर में धावा बोला। डकैतों ने दरवाजे तोड़ दिये और घर से लगभग 2 लाख रुपये की नगदी और 60 हजार के जेवरात चुराकर भाग गये।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। जालौन पुलिस ने बताया कि इस गांव में जज शिवपाल सिंह के भाई सुरेंद्र रहते हैं। बुधवार रात सुरेंद्र सिंह गर्मी होने की वजह से घर की छत पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सो रहे थे। गुरुवार (21 जून) की सुबह घर के सदस्य नीचे आए तो देखा कि दरवाजे टूटे पड़े हैं और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। घर के सदस्यों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। जालौन के एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि कार्रवाई की जारी है, और डकैतों का पता लगाने के लिए कई जगह छापेमारी की जा रही है। पुलिस सुराग का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों का भी इस्तेमाल कर रही है। पुलिस को शक है कि इस घटना को आस-पास के डकैतों ने ही अंजाम दिया है।
Robbery held at residence of Shivpal Singh, judge at Ranchi CBI special court, in his native village Jalaun last night. Shivpal Singh’s brother Surendra, who found out about the robbery in the morning said,’ Rs 60,000 & jewellery worth Rs 1.5-2 lakh stolen’. Police probe underway pic.twitter.com/U3wICLwuBs
— ANI UP (@ANINewsUP) June 21, 2018
बता दें कि चारा घोटाले के चौथे मामले में विशेष सीबीआई अदालत के जज शिवपाल सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद को दोषी करार दिया था। बता दें कि चारा घोटाले की सुनवाई के दौरान एक बार जज शिवपाल सिंह ने लालू यादव से कहा था कि मुझे आपके समर्थकों ने फोन किया था, लेकिन मैं विधि सम्मत काम ही करुंगा।