Maximum Temperature: जून के महीने की शुरुआत के साथ ही मौसम और ज्यादा गर्म होने लगा है। अब भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के द्वारा उत्तर प्रदेश के तापमान में इजाफे की संभावना जताई गई है। IMD दिल्ली के रीजनल हेड कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश में तापमान बढ़ने की संभावना है। 8 से 11 तारीख के बीच यूपी में तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में अगले दो-तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना है। दिल्ली NCR का तापमान 10 या 11 जून तक 41डिग्री तक बढ़ सकता है। इस दौरान दिल्ली में आसमान साफ रहेगा।
दिल्ली में फिलहाल लू चलने की आशंका नहीं- IMD की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, राजधानी नई दिल्ली में अधिकतम तापमान में धीरे धीरे इजाफा होने का अनुमान है लेकिन अगले चार से पांच दिन तक लू चलने की आशंका नहीं है।
बता दें कि एक के बाद एक WD की वजह से कुछ-कुछ समय के अंतराल पर बारिश होने से दिल्ली में जून महीने की शुरुआत में उतनी गर्मी नहीं रही थी, जितनी होती है। इस महीने में अधिकतम तापमान अब तक 40 डिग्री के नीचे रहा है। IMD के अनुसार, दिल्ली में इस साल अब तक लू की स्थिति दर्ज नहीं की है। ऐसा 2014 के बाद पहली बार हुआ है।
‘बिपोरजॉय’ गंभीर चक्रवाती तूफान में हुआ तब्दील
चक्रवाती तूफान ‘बिपोरजॉय’ तेजी से गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इससे केरल में मानसून की “धीमी” शुरुआत होने और उसके दक्षिणी प्रायद्वीप के आगे “कमजोर” प्रगति करने का अनुमान है। ‘बिपोरजॉय’ इस साल अरब सागर में आया पहला चक्रवाती तूफान है।
IMD ने मंगलवार को कहा था कि इस चक्रवात से मानसून की प्रगति प्रभावित होने की संभावना है। मौसम का अनुमान बताने वाली प्राइवेट एजेंसी ‘स्काइमेट वेदर’ ने बताया कि केरल में मानसून आठ या नौ जून को दस्तक दे सकता है। इस दौरान, हल्की बारिश होने ही संभावना है।