उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा का मंच शनिवार को यहां अचानक टूट गया। हालांकि, उन्हें चोट नहीं आई है। शर्मा यहां कमल संदेश यात्रा को रवाना करने से पूर्व झूलेलाल वाटिका में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, डॉ. शर्मा शनिवार लगभग 10 बजे राज्य की राजधानी में झूलेलाल वाटिका से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कमल संदेश यात्रा को रवाना करने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उनका मंच अचानक भरभरा कर टूट गया।

सूत्रों ने बताया कि जिस समय मंच टूटा, उस वक्त मंच पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। मंच टूटने से अफरा-तफरी मच गई। कुछ कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उपमुख्यमंत्री चोटिल होने से बच गए हैं।

साथ ही लखनऊ से उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की अगुवाई में मोदी सरकार की उपलब्धियों को लोगों को बताने के लिए शनिवार को कमल संदेश बाइक रैली लखनऊ से रवाना की गई। यह रैली राज्य के सभी 80 लोकसभा सीटों के गांव, गली, सड़क और चौराहों से निकलेगी।उल्लेखनीय है कि, भारतीय जनता पार्टी कमल संदेश’ यात्रा के जरिए केन्द्र और राज्य की सरकारों की उपलब्धियां जनता को बताएगी। इस यात्रा का उद्देश्य आगामी लोकसभा चुनाव में जनता का फिर वही का समर्थन हासिल करना है।

इसी रैली के सिलसिले में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ यात्रा में शामिल हुए। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय चंदौली में थे। जबकि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के प्रयागराज में मौजूद थे।