अगर आप दिल्ली-एनसीआर में रहते हैं तो कभी ना कभी आप नोएडा के द ग्रेट इंडिया प्लेस (The Great India Place) यानी जीआईपी मॉल जरूर गए होंगे। वीकेंड एन्जॉय करने के लिए लोगों की खास जगह में शामिल था। अब नोएडा का यह मॉल बिकने के कगार पर खड़ा है। कुछ समय पहले तक इस मॉल के पास देश के सबसे बड़ा मॉल होने का तमगा था। बीतते समय के साथ मॉल अपनी पुरानी रौनक खोता गया। अब यहां घूमने आने वाले लोगों की संख्या बेहद कम हो गई है। पहले लोग यहां शॉपिंग, मूवी देखने और अपने दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के लिए आते थे।
बिकने वाला है जीआईपी मॉल
नोएडा में सेक्टर-18 को फेमस लैंडमार्क बनाने वाला GIP मॉल अब बिकने को तैयार है। 147 एकड़ में फैले इस डेवलपमेंट को बेचने के बाद जो रुपए आएंगे उससे कर्ज चुकाया जाएगा। द ग्रेट इंडिया प्लेस को अप्पू घर ग्रुप और द यूनिटेक ग्रुप द्वारा बनाया गया था। इसका रख रखाव एंटरटेनमेंट सिटी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। GIP मॉल नोएडा सेक्टर 18 मेट्रो स्टेशन से सटे सेक्टर 38ए में स्थित है।
2007 में बना था GIP मॉल
GIP मॉल का उद्धघाटन साल 2007 में हुआ था। उस वक्त GIP मॉल देश का सबसे बड़ा मॉल था। यह मॉल शुरू से ही लोगों के बीच में काफी पॉपुलर था। यहां पर अनेकों बड़ी कंपनियों के शोरूम थे। साल 2016 में जब GIP मॉल के ठीक सामने डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया का उद्धघाटन हुआ तो GIP मॉल की तस्वीर बदल गई थी। GIP में आने वाली लोगों की भीड़ का रुख अब डीएलएफ मॉल की तरफ मुड़ गया। इसके बाद से ही GIP की लोकप्रियता दिन प्रतिदिन कम होने लगी थी। साल 2019 में आई कोरोना महामारी के कारण यहां से कई ब्रांडेड कंपनियों के शोरूम भी चले गए थे।
16 अगस्त तक निवेशक कर सकते है अप्लाई
यूनिटेक ग्रुप की काफी लंबे वक्त से फाइनेंशियल कंडीशन ठीक नहीं चल रही थी। इस वजह से वह मॉल की देखरेख सही से नहीं कर पा रहे थे। मीडिया रिपोर्टस् के मुताबिक GIP मॉल पर लगभग 800 करोड़ का कर्ज है। कंपनी की ओर से 16 अगस्त तक निवेशकों से आवेदन मांगे गए हैं।
