भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश उपाध्यक्ष और बलिया सदर से विधायक दयाशंकर सिंह ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को गठबंधन का आमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा है कि ओपी राजभर ने जिन उद्देश्यों के लिए अपनी पार्टी की स्थापना की है वह भाजपा के साथ आने पर ही पूरा हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे साथ आठ सीट पर लड़े और चार पर जीत दर्ज की। सपा के साथ 18 पर लड़े और केवल छह पर ही जीत सके।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में विफलता के बाद सपा और सुभासपा में टूट की खबरों का ओपी राजभर खंड़न कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया था कि ओम प्रकाश राजभर ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और वे भाजपा के साथ जा सकते हैं। इन दावों खारिज करते हुए सुभासपा प्रमुख ने कहा कि गृह मंत्री से उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई है। हम सपा के साथ हैं और रहेंगे। इस बीच दयाशंकर सिंह ने उन्हें भाजपा के साथ गठबंधन का ऑफर दिया है।
दयाशंकर ने ओपी राजभर को ऑफर देते हुए कहा, “मैं शुरू से कहता हूं कि ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का समाजवादी पार्टी के साथ बेमेल गठबंधन हुआ था। उनका नेचुरल गठबंधन भाजपा के साथ होगा। मैं पहले भी यह कहता रहा हूं और आज भी कह रहा हूं। ओम प्रकाश जी जब हमारे साथ लड़े थे तो आठ में से चार सीट पाए थे। इसमें 18 में छह पाए हैं। भले ही उनकी सीट बढ़ी है, लेकिन ग्राफ गिरा ही है।”
गठबंधन का ऑफर देने की बात पर दयाशंकर ने कहा, ” वे जिस दिन से गए हैं मैं उस दिन से कह रहा हूं कि गलत ट्रैक पर गए हैं। ओम प्रकाश राजभर जिस मुद्दे को उठाते हैं। वो अति पिछड़ा की बात करते हैं। वे कहते हैं कि समाज में उनकी भागदारी, रोजगार और सम्मान बढ़ना चाहिए। ये कौन देता है? ये उस दल में नहीं मिल सकता। ये भारतीय जनता पार्टी में मिल सकता है।”
दयाशंकर ने आगे कहा, “मोदी जी ने 43 मंत्री बनाया। उसमें से 27 अति पिछड़ा वर्ग से बनाया। उत्तर प्रदेश में योगी जी ने जो विस्तार किया सात मंत्री बनाए। सातों के सात अति पिछड़ा और दलित वर्ग से बनाए। ये जो चीजें कहते हैं भाजपा उसको करती है। मोदी जी और योगी करते हैं। इसलिए उनके जो मुद्दे हैं वो जो कुछ भी अपने समाज के लिए करना चाहते हैं। वो तभी हो पाएगा जब वह भाजपा के साथ आएंगे।”