लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर भाजपा अभी से ही पूरी तैयारी में जुट गई है। इस बार भी पिछली बार की तरह प्रदर्शन को दोहराने के लिए पार्टी पूरी रणनीति बनाकर अभियान चलाने की तैयारी में है। ऐसे में पार्टी की विशेष नजर उत्तर प्रदेश पर है। वजह साफ है कि यहां लोकसभा की 80 सीटें हैं। पिछली बार के चुनाव में भाजपा को यहां 70 प्लस सीटें मिली थी। मिशन 2019 को ध्यान में रखते हुए भाजपा राज्य में लोकसभा चुनाव की घोषणा होने तक 15 अभियान चलाएगी। इन अभियानों की मॉनिटरिंग करने के लिए पार्टी ने करीब 7900 नेताओं को जिम्मेदारी दी है। राज्य में जिन 15 अभियानों को चलाने की योजना है, उनमें से तीन अभियान तय हो चुके हैं। उसमें एक बाइक रैली है, जिसमें कम से कम 5 लाख बाइक होंगे।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह बुधवार (24 अक्टूबर) को चुनाव से संबंधित तैयारियों की समीक्षा के लिए पार्टी नेताआें के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों ने बताया कि शाह लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे के साथ बैठक के अलावा, एक अन्य बैठक में भी भाग लेंगे जिसमें वरिष्ठ आरएसएस कार्यकर्ताओं के उपस्थित होने की संभावना है। वहीं, पार्टी अक्टूबर में अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और ओबीसी मोर्चा जैसे मोर्चों की राज्य कार्यकारी बैठकें आयोजित कर रही है।
सूत्र ने बताया कि जल्द ही भाजपा अपने 15 अभियानों की घोषणा करेगी। एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने बताया, “पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में 15 कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इनमें मुख्य रूप से तीन पहलुओं पर ध्यान रखा जाएगा- केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार के कार्यों का प्रचार, बूथ लेवल पर अधिक से अधिक लोगों से मिलना और बुद्धिजीवियों के साथ वार्ता ताकि नए वोटरों को जोड़ा जा सके।”
[bc_video video_id=”5849842032001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”default” embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
पार्टी ने बाइक रैली कार्यक्रम को फाइनल कर दिया है। कार्यक्रम 17 नवंबर से राज्य के 80 संसदीय क्षेत्रों में शुरू होगा। दूसरा कार्यक्रम पदयात्रा का है, जो महात्मा गांधी के 150वें जन्म दिवस के अवसर पर 1 दिसंबर से 15 दिसंबर तक राज्य के 403 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा। तीसरा, भाजपा नेता 26 जनवरी को कमल ज्योति विकास महाअभियान के लाभार्थियों के घर का दौरा करेंगे और कमल के आकार का मोमबत्ती जलाएंगे। चूंकि उत्तर प्रदेश भाजपा इकाई के लिए पूर्णकालिक प्रभारी नहीं है, इसलिए पार्टी ने राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव को आगामी चुनाव के लिए संगठनात्मक बैठकों का आयोजन करने का कार्य सौंपा है।