उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में महिला पुलिसकर्मी के साथ बस में एक व्यक्ति द्वारा बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। खबर के अनुसार, महिला कॉन्सटेबल सादे कपड़ों में बस में सवार थीं और मुजफ्फरनगर से रामराज पुलिस स्टेशन अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने जा रही थीं। बस में सफर के दौरान ही अमित कुमार नाम के व्यक्ति ने महिला कॉन्सटेबल के साथ बदसलूकी की। जब महिला पुलिसकर्मी ने इसका विरोध किया तो आरोपी बस से उतरकर गन्ने के खेत में छिप गया।

इसके बाद महिला कॉन्सटेबल ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी युवक की तलाश शुरु कर दी और थोड़ी देर बाद उसे ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया। बीते दिनों ऐसे ही एक मामले में बेंगलुरु में भी एक व्यक्ति को महिला पुलिसकर्मी का शारीरिक उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दरअसल अमीन नाम का व्यक्ति एक 24 वर्षीय महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ रिलेशन में था। खबर के अनुसार, अमीन ने शादी का झांसा देकर महिला पुलिसकर्मी का शारीरिक उत्पीड़न किया और बाद में शादी से मुकर गया।

महिला पुलिसकर्मी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी भेजता था। महिला पुलिसकर्मी ने बाद में इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। इसके बाद आरोपी कुछ दिनों तक फरार रहा और आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मुंबई में भी ऐसे एक मामले में एक महिला कॉन्सटेबल ने साथी पुरुष कॉन्सटेबल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। मामला मुंबई के मालाबार हिल पुलिस स्टेशन का था।