पुलवामा हमले के बाद पूरा देश एक ओर सेना-सुरक्षाबल के साथ सम्मान की भावना संग खड़ा है। लोग जवानों की वीरता और शहादत को सलाम कर रहे हैं। इसी बीच, उत्तर प्रदेश में एक सैनिक के साथ पुलिस द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने महज नाम न बताने पर सैनिक को बुरी तरह घटीसा और थाने ले गई। घटना के दौरान कुछ लोगों ने मामले का वीडियो बना लिया था, जो सोशल मीडिया पर सोमवार (18 फरवरी) को वायरल हुआ।
टि्वटर पर Abhay_journo नाम के हैंडल से घटना का वीडियो साझा किया गया। जानकारी के मुताबिक, यह मामला कानपुर देहात का है। क्लिप में कुछ पुलिसकर्मी गांव में थे, जिनमें दो-तीन पुलिसकर्मी सैनिक को घसीट कर ले जा रहे थे। वे कभी उसके कपड़े पकड़ कर खींचते तो कभी धक्का देते। बाद में वे पुलिस वाहन में उसे बैठाने के लिए उन्होंने खासा जोर जबरदस्ती भी की।
शुरुआत में तो सैनिक को पुलिस वालों ने धक्का देकर गाड़ी में बैठाया गया। वह नहीं बैठा, तो आगे किनारे वाले गेट से उसे गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया, मगर वह नहीं माना। पुलिस वाले उसे उस दौरान धमका रहे थे- बैठ जाओ, वरना पिट जाओगे।
उक्त प्रकरण के सम्वन्ध में पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात द्वारा दी गई बाइट। pic.twitter.com/gAHV55QTno
— Kanpur Dehat Police (@kanpurdehatpol) February 17, 2019
घटना के बारे में कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक ने बताया- घटना 14 फरवरी शाम पांच बजे के आसपास की है। थाना डेरापुर में पुलिस इंस्पेक्टर एक महिला की शिकायत पर जांच के लिए गांव पहुंचे थे। उसी दौरान पुलिस वालों का सामना फौजी सर्वेश कुमार यादव से हो गया। एक पुलिसकर्मी ने सर्वेश से पूछा- तुम कौन हो?
यादव ने जवाब दिया, “आदमी हूं। आपसे क्या?” इसी बात पर इंस्पेक्टर और फौजी के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिसवाले उसे पुलिस थाना ले गए। हालांकि, दो घंटे बाद चालान कर सैनिक को छोड़ दिया गया। उसे न तो हवालात में डाला गया और न ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। पुसिस के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच क्षेत्राधिकारी के पास है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

