गोरखपुर के एक अस्पताल के शौचालय में समाजवादी पार्टी के झंडे के रंग से मिलती टाइल्स लगाने पर सपा कार्यकर्ता भड़क गए हैं। जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर इसका विरोध किया। दरअसल गोरखपुर के ललित नारायण मिश्रा रेलवे अस्पताल के शौचालय में लाल और हरे रंग की टाइल्स लगवायी गई हैं।
सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह टाइल्स समाजवादी पार्टी के झंडे से मिलती जुलती हैं और उन्होंने इसे पार्टी झंडे का अपमान बताया है। सपा कार्यकर्ता इसके खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं और गोरखपुर में कई जगह सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि “दूषित सोच रखने वाले सत्ताधीशों द्वारा राजनीति द्वेष के चलते गोरखपुर रेलवे अस्पताल में शौचालय की दीवारों को सपा के रंग में रंगना लोकतंत्र को कलंकित करने वाली शर्मनाक घटना! एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी के ध्वज के रंगों का अपमान घोर निंदनीय। संज्ञान ले हो कार्रवाई, तत्काल बदला जाए रंग।”
वहीं राज्यसभा चुनाव के चलते बसपा और सपा में ठन गई है। दरअसल बसपा के 7 विधायक सपा के संपर्क में बताए जा रहे हैं। जिसके बाद बसपा सुप्रीमो मायावाती ने सपा के खिलाफ जमकर बयानबाजी की। उन्होंने कहा कि साल 2003 में मुलायम सिंह ने बसपा तोड़ी तो उनकी बुरी गति हुई, अब अखिलेश ने यह काम किया है, उनकी बुरी गति होगी।
मायावती ने कहा है कि यूपी विधान परिषद चुनाव में सपा को हराने के लिए अगर भाजपा को वोट करना पड़े तो वह भी किया जाएगा। मायावती ने सपा के साथ गठबंधन को भारी भूल बताया और कहा कि हमें सपा से हाथ नहीं मिलाना चाहिए था। हमें इस बारे में गहराई से सोचना चाहिए था लेकिन हमने जल्दबाजी में निर्णय लिया।