2019 Lok Sabha Election: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश के लिए नई योजनाओं की घोषणा की है। इसके तहत वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया कि कानपुर और आगरा शहर के लिए मेट्रो ट्रेन की परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट में दो कॉरिडोर बनेंगे। बता दें कि फरवरी में राजधानी दिल्ली में हुई प्रोजेक्ट इनवेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) की बैठक में उत्तर प्रदेश में मेट्रो संचालन की मंजूरी मिली थी।
दरअसल, गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने जानकारी दी कि कानपुर और आगरा में मेट्रो परियोजना की शुरुआत की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कानपुर मेट्रो के लिए 11076.48 करोड़ और आगरा मेट्रो के लिए 8379.62 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी गई है।
कानपुर मेट्रो परियोजना: इस परियोजना को 2 चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसमें पहला कॉरिडोर करीब 23 किलोमीटर लंबा आईआईटी से नौबस्ता तक होगा। वहीं, दूसरा कॉरिडोर कृषि विश्वविद्यालय से बर्रा-8 तक होगा। इस परियोजना में कुल 22 मेट्रो स्टेशन बनेंगे।
आगरा मेट्रो परियोजना: इस परियोजना का पहला कॉरिडोर करीब 14 किलोमीटर लंबा सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक का होगा। इसके तहत 13 स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। खास बात यह है कि इनमें छह एलिवेटेड और 7 अंडरग्राउंड स्टेशन होंगे। वहीं, आगरा कैंट स्टेशन से कालिंदी विहार तक के दूसरे कॉरिडोर की लंबाई करीब 15 किलोमीटर बताई जा रही है।
आगरा मेट्रो परियोजना में होंगे ये स्टेशन: पहले कॉरिडोर में सिकंदरा, आईएसबीटी, शास्त्रीनगर, कृषि विश्वविद्यालय, आरबीएस कॉलेज, गुरु का ताल, राजा की मंडी, आगरा कॉलेज, एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा फोर्ट स्टेशन, जामा मस्जिद, ताजमहल, ताज पूर्वी गेट, फतेहाबाद रोड, बसई बनेंगे। वहीं, दूसरे कॉरिडोर में आगरा कैंट, सुल्तानपुरा, सदर बाजार, प्रतापुरा, कलेक्ट्रेट, सुभाष पार्क, एमजी रोड, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, संजय प्लेस, सुल्तानगंज की पुलिया, कमला नगर, रामबाग, फाउंड्री नगर और कालिंदी विहार होंगे।

