मुंबई से गोरखपुर जा रही लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस में एक शख्स ने गला दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह यात्रियों से कहता रहा कि उसकी पत्नी बेहोश हो गई है। किसी मुसाफिर ने जीआरपी को महिला के बेहोश होने की जानकारी दे दी। ट्रेन कानपुर स्टेशन पहुंची तो पुलिस ने उन्हें उतार लिया। जांच में महिला के मृत होने की जानकारी मिली। इसके बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुंबई में सब्जी बेचता है आरोपी
आरोपी का नाम वीरेंद्र गुप्ता है और वह सिद्धार्थनगर का रहने वाला है। फिलहाल वह मुंबई के घाटकोपर इलाके में रह रहा है और वहां सब्जी बेचता है। उसकी शादी गोल्हरा की गुड़िया (24) से हुई थी। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से मुंबई से गोरखपुर लौट रहा था। रास्ते में उनके बीच विवाद होने लगा, जिसके चलते उसने गुड़िया का गला दबा दिया।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश भी की। उसने कहा कि भोपाल के पास उसकी पत्नी की तबियत अचानक खराब हो गई थी, जिसके चलते वह बेहोश हो गई। उसे नहीं पता कि महिला की मौत कैसे हुई। पुलिस ने महिला के शरीर और गले पर निशान देखे तो सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया।
ससुराल वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
जीआरपी ने मामले की जानकारी गुड़िया के भाई प्रभु गुप्ता को दी। वह शनिवार सुबह कानपुर स्टेशन पहुंचा और बहनोई पर हत्या करने का आरोप लगाया। उसने कहा कि दहेज की मांग को लेकर वीरेंद्र उसकी बहन को प्रताड़ित करता था। कहासुनी होने के बाद वह गुड़िया को मायके छोड़ने आ रहा था।