उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक शख्स पर अपनी पत्नी पर अवैध संबध होने के शक में हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति ने मीट काटने वाले छुरे से बीवी की गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह खून से सने छुरे को लेकर थाने पहुंच गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आला अधिकारियों तक घटना की सूचना पहुंचा दी है।

बता दें कि मेरठ के माधवपुरम में संजय अपनी पत्नी के साथ किराए के घर में रहता था। संजय के अनुसार पत्नी के उसके दोस्त के साथ से अवैध संबंध थे। यही नहीं उसने कई बार उसे रंगेहाथ भी पकड़ा था। संजय ने बताया कि मना करने के बाद भी जब दोनों ने उसकी बात नही मानी तो उसने अपनी पत्नी की छुरे से हत्या कर दी। आरोपी संजय ने पत्नी के शरीर पर आधा दर्जन से ज्यादा वार किये।

हत्या करने के बाद पहुंचा थाने- आरोपी संजय पत्नी की हत्या करने के बाद मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने में सरेंडर करने पहुंचा। उसके हाथ में खून से सना हुआ छुरा देखकर मौजूद पुलिसवालों में हड़कंप मच गया। संजय ने बताया कि उसने अपनी पत्नी का कत्ल कर दिया है और वह थाने में सरेंडर करने आया है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसका छुरा कब्जे में लेकर हिरासत में ले लिया।

पुलिस का बयान- घटना पर बोलते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसके घर मे बेड पर लाश पड़ी थी। उसकी किसी धारधार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी। फिलहाल आरोपी संजय ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

10 साल पहले की थी शादी- बताया जा रहा कि करीब 10 साल पहले आरोपी संजय ने प्रेम विवाह किया था। लेकिन इसके चलते दोनों परिवारों के बीच रार हो गई। इसके बाद संजय और उसकी पत्नी दोनों अपने गृह-कस्बे को छोड़कर मेरठ के माधवपुरम में रहने लगे। उनके तीन बच्चे भी है।