उत्तर प्रदेश के वृंदावन के एक होटल में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार (3 नवंबर) तड़के उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में एक होटल में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना में एक और व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग मथुरा वृंदावन रोड स्थित होटल वृंदावन गार्डन की सबसे ऊपरी मंजिल पर स्थित किचन स्टोर रूम में सुबह करीब साढ़े चार बजे लगी। देखते ही देखते आग भीषण हो गई। आग लगने की जगह पर दो एंबुलेंस और दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं। स्टोर रूम में तीन कर्मचारी सो रहे थे, इन्हीं में से दो की मौत हुई है। आग होटल के ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम में लगी। जिसके बाद तुरंत होटल से सभी गेस्ट को निकाला गया। इस दौरान दो कर्मचारियों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
होटल को नोटिस: स्टोर रूम में होटल के तीन कर्मचारी सोए हुए थे। सभी जहां सोए थे, वहां पर गद्दे रखे जाते हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, एक कर्मचारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, होटल के पास अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं है। फायर ब्रिगेड डिपार्टमेन्ट ने इस संबंध में होटल को नोटिस भी दिया है।
सुबह साढ़े चार बजे लगी आग: मथुरा के चीफ फायर ऑफिसर प्रमोद शर्मा ने बताया, “आग लगने की सूचना सुबह करीब साढ़े चार बजे लगी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि होटल की पहली मंजिल के स्टोर रूम में आग लगी है। होटल में करीब 100 मेहमान ठहरे हुए थे और उन सभी को बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग के डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।”
सीएमओ डॉ भूदेव सिंह का कहना है, “दम घुटने और शरीर के जलने से दोनों की मौत होने की आशंका है। मृतकों की पहचान होटल वृंदावन गार्डन के कर्मचारी उमेश (30) और बीरी सिंह (40) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल बिजेंद्र सिंह को आगरा के अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।”