उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक भाजपा नेता के बेटों द्वारा पत्रकार की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना ललितपुर के जाखलौन थाने की है, जहां पत्रकार विनय तिवारी ने स्थानीय भाजपा नेता के खिलाफ खबरें चलायीं तो भाजपा नेता के बेटों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्रकार पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में पत्रकार बुरी तरह से घायल हुए हैं और उन्हें गंभीर हालत में झांसी रेफर किया गया है।
आरोपियों ने पत्रकार को इतनी बुरी तरह से पीटा है कि उनके हाथ-पैर तोड़ दिए हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों के तरफ से हमले की आशंका को देखते हुए पुलिस में शिकायत की गई थी लेकिन पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिसका खामियाजा पत्रकार को भुगतना पड़ा है। वहीं इस खबर को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ट्वीट किया है और योगी सरकार पर निशाना साधा है।
संजय सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि ‘ये है भाजपाईयों का दोहरा चरित्र, एक पत्रकार की गिरफ्तारी पर दिन रात रो रहे हैं और आदित्यनाथ के राज में पत्रकार विनय तिवारी को भाजपा नेता के बेटों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।’
माना जा रहा है कि संजय सिंह का इशारा अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी की तरफ है, जिसके खिलाफ महाराष्ट्र भाजपा द्वारा सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
बता दें कि संजय सिंह बीते कुछ समय से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ खासे आक्रामक हैं और सोशल मीडिया के जरिए अक्सर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते रहते हैं। अपने एक अन्य ट्वीट में संजय सिंह ने यूपी में महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े किए और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी सरकार को मिशन शक्ति के प्रचार में करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाना बंद कर देना चाहिए। अपने इस ट्वीट के साथ संजय सिंह ने कई ऐसी खबरें भी शेयर की, जिसमें महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़, हत्या और ब्लात्कार की घटनाओं का जिक्र था।
संजय सिंह का फोकस इन दिनों यूपी की राजनीति पर बना हुआ है और वह देश के सबसे बड़े राज्य में आम आदमी पार्टी की जमीन तैयार करने में जुटे हैं। यूपी में 2022 में विधानसभा चुनाव होने हैं। यही वजह है कि संजय सिंह अभी से ही उत्तर प्रदेश में खासे सक्रिय हैं और आए दिन किसी ना किसी मुद्दे पर योगी सरकार को घेरते दिखाई देते हैं।