उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर (Shahjahanpur in Uttar Pradesh) में एक बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे में 13 लोगों की मृत्यु हो गई है। शाहजहांपुर के तिलहर इलाके के बीरसिंहपुर गांव के पास बने पुल से ट्रैक्टर ट्रॉली नीचे गिर गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और राहत बचाव कार्य जारी है।
यह घटना गर्रा नदी पर बने पुल पर हुई है। जब ट्रॉली पुल पर जा रही थी, उसी दौरान ये हादसा हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जाता है ट्रॉली में महिलाओं बच्चों समेत 40 लोग सवार थे। 13 की मौत हो गई और इसमें 10 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ट्रॉली पर सवार लोग सुनौरा गांव के रहने वाले थे और वे नदी से जल लेने गए थे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना पर जताया दुख
शाहजहांपुर में हुए हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है। सीएम योगी ने ट्वीट कर लिखा, “जनपद शाहजहांपुर में दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।प्रशासनिक अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत-बचाव कार्य संचालित करने व घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
रिपोर्ट के मुताबिक गांव में कथा का आयोजन हो रहा था और इसी को लेकर लोग नदी पर जल लेने के लिए गए थे। ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर नदी के पुल पर पहुंचा था। उस दौरान ट्रॉली का पहिया पुल से नीचे उतर आया और फिर ट्रैक्टर ट्रॉली नीचे गिर गई। इस दौरान ट्रॉली में मौजूद लोग भी नीचे गिर गए और ट्रॉली उनके ऊपर गिर गई। अगल-बगल के लोग मदद के लिए दौड़े और ट्राली को सीधा किया गया, जिसके बाद वहां दबे लोगों को रेस्क्यू किया गया।
इस घटना के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और रेस्क्यू ऑपरेशन चालू हो गया। घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाए ताकि उन्हें अच्छा इलाज मिले।