Uttar Pradesh Ex CM Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को लेकर योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) सरकार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने तंज कसा है। दरअसल रविवार (9 जनवरी) को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रमुख अखिलेश यादव सपा मीडिया सेल ट्विटर हैंडल चलाने वाले मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी पर लखनऊ पुलिस मुख्यालय पहुंचे थे।

अखिलेश यादव ने क्या कहा था:

वहीं पुलिस मुख्यालय में जब अखिलेश यादव को पुलिसकर्मियों ने पीने के लिए चाय दी तो अखिलेश यादव ने चाय पीने से मना कर दिया। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा, “हम यहां की चाय नहीं पियेंगे। हम अपनी (चाय) लाएंगे, कप आपका ले लेंगे। हम नहीं पी सकते, ज़हर दे दोगे तो? हमें भरोसा नहीं। हम बाहर से मंगा लेंगे।”

केशव प्रसाद मौर्य ने साधा निशाना:

अखिलेश यादव के इस बयान पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने निशाना साधते हुए पूछा, “सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव जी जिन पुलिस के वीर जवानों की सुरक्षा में चलते रहते हो, उन्हीं के द्वारा चाय आपको ज़हर क्यों लगती है।” बता दें कि अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्य के बीच जुबानी जंग अक्सर देखने को मिलती है।

वहीं मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी की बात करें तो पुलिस ने उनके खिलाफ ट्विटर पर अभद्र टिप्पणी करने को लेकर चार मामले दर्ज किए हैं। यूपी की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाने में दर्ज दो मामलों में वह नामजद है तो दो में सपा के ट्विटर हैंडल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

बता दें कि सपा कार्यकर्ता की रिहाई को लेकर अखिलेश यादव रविवार के दिन पुलिस मुख्यालय के अलावा गोसाईगंज जिला जेल भी पहुंचे थे। वहीं अखिलेश यादव के मुख्यालय पहुंचने की खबर पाकर सपा कार्यकर्ता भी पुलिस मुख्यालय पहुंच गए। जिसपर पुलिस ने सभी को मुख्य दरवाजे पर रोक लिया।

इस बात से नाराज होकर सभी सपाईयों ने नारेबाजी की और मुख्यालय के सामने सड़क पर बैठ गये। बता दें कि इस दौरान पुलिस व सपा कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक भी चली। बाद में बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठी भी भांजी।