माफिया डॉन और पूर्व सांसद अतीक अहमद की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार (2 मई, 2023) को पहली बारी प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने तुलसीदास की लिखी चौपाई का जिक्र कर इशारों-इशारों में अतीक अहमद हत्याकांड पर अपनी बात कह डाली। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने प्रयागराज को अत्याचार का शिकार बना दिया था। प्रकृति ने ऐसे लोगों का हिसाब बराबर कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति ना तो किसी पर अत्याचार करती है और ना ही अत्याचार स्वीकार करती है।
इस दौरान उन्होंने तुलसीदास की लिखी चौपाई सुनाकर तल्ख लहजे में अपना संदेश दे दिया। उन्होंने कहा, “करम प्रधान विश्व रचि राखा। जो जस करइ सो तस फल चाखा। जो जैसा कर्म करेगा उसको उन्हीं कर्मों के अनुसार फल भी भोगना पडे़गा। यही संसार का विधान है।” उन्होंने आगे कहा, “जिस प्रयागराज में लोग आध्यात्मिक पिपासा के लिए आते हैं, जिसने हजारों सालों से मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया हो। कुंभ हो या माघ मेला। करोड़ों श्रद्धालु प्रयागराज आकर संगम में डुबकी लगाकर अपने जीवन को धन्य करता है। जहां अन्याय से पीड़ित जनता न्याय पाने की अभिलाषा से आती है, कुछ लोगों ने उस प्रयागराज की धरती को अन्याय और अत्याचार का शिकार बना दिया था। पापाचार का शिकार बना दिया था, लेकिन ये प्रकृति ना किसी पर अत्याचार करती है और ना ही अत्याचार को स्वीकार ही करती है। यह सबका हिसाब बराबर करके रख देती है।”
मुख्यमंत्री योगी यहां महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी उमेश चंद्र गणेश केसरवानी समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लीडर प्रेस ग्राउंड में उन्होंने एक चुनावी सभा को आयोजित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह वही उत्तर प्रदेश था जहां पर्व और त्योहार भय और आतंक के साये में मनाए जाते थे, लेकिन आज प्रदेश में पर्व और त्योहार खुशहाली लाते हैं। आज प्रदेश में कर्फ्यू नहीं, दंगा नहीं, बल्कि सभी ओर चंगा ही चंगा है।” इस दौरान, उन्होंने कहा, “आज उत्तर प्रदेश, परिवारवादी और जातिवादी मानसिकता के दलों से आगे बढ़कर एक राष्ट्रवाद की सोच के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पार्टी के एक साधारण से कार्यकर्ता गणेश केसरवानी को महापौर का प्रत्याशी बनाना यह साबित करता है कि भाजपा नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने की पार्टी है। यही देश का लोकतंत्र है और भाजपा का लोकतंत्र है।”
मुख्यमंत्री ने नगर वासियों से प्रयागराज नगर निगम के सभी 100 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों और महापौर प्रत्याशी को विजयी बनाकर 2025 में होने वाले महाकुम्भ को और भी दिव्य और भव्य बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, इलाहाबाद लोकसभा सांसद रीता बहुगुणा जोशी, फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल, कौशांबी सांसद विनोद सोनकर, निवर्तमान महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी और कई विधायक मौजूद थे। प्रयागराज नगर निगम का चुनाव आगामी चार मई को होगा, जबकि चुनाव प्रचार अभियान मंगलवार शाम समाप्त हो रहा है।