उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग गुरुवार (4 मई, 2023) को शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी वोट डाला और लोगों से भी मतदान करने की अपील की है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई थी। पहले चरण में 37 जिलों के लिए वोटिंग चल रही है। दूसरे चरण की वोटिंग 11 मई को होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में वोट डाला। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से वोट डालने के बाद एक फोटो भी पोस्ट की है। ट्वीट में उन्होंने लिखा, “आज नगर निकाय चुनाव-2023 के लिए गोरखपुर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान हमारा अधिकार होने के साथ ही प्रमुख कर्तव्य भी है। अपने नगर निकाय को और अधिक सशक्त करने के लिए आप भी मतदान अवश्य करें। भारत माता की जय!”

पहले चरण में इन जिलों में हो रही वोटिंग

पहले चरण में सहारनपुर, मुरादाबाद, आगरा, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ, देवीपाटन, गोरखपुर और वाराणसी मंडल के 37 जिलों में वोटिंग चल रही है। इन जिलों में 2.40 करोड़ से ज्यादा वोटर्स हैं। इस चरण में नगर निगमों के 10 महापौर और 820 पार्षदों, 103 नगर पालिका परिषद अध्यक्षों, 2,740 नगर पालिका परिषद सभासदों, 275 नगर पंचायत अध्यक्षों और 3,645 नगर पंचायत सदस्यों समेत कुल 7,593 पदों के लिए 44 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक, नगर निगमों के 10 पार्षदों समेत कुल 85 प्रतिनिधि पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त मनोज कुमार ने कहा कि अव्यवस्था फैलाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखकर उनके खिलाफ समय से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि मतदान को भयमुक्त माहौल में कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम किए गए हैं।

विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा कि निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए 19,880 निरीक्षक-उपनिरीक्षक, 101477 मुख्य आरक्षी-आरक्षी, 47985 होमगार्ड, पीएसी की 86 कंपनियां, सीएपीएफ की 35 कंपनियां और 7,500 उप निरीक्षक तैनात किए गए हैं। नगर निगमों के महापौर और पार्षद पद के लिए मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से होगा, जबकि बाकी पदों के लिए मतदान मतपत्र से होगा।