उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में ऑनर किलिंग का एक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला और उसका पति दोनों अलग-अलग धर्म के थे। दोनों गुरुवार (30 मई) को पड़ोस के एक गांव से घर लौट रहे थे तभी रास्ते में महिला के भाइयों ने उन पर गोली चला दी। इस घटना में महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। पुलिस ने इस सिलसिले में मृतक महिला के तीन भाइयों को गिरफ्तार किया है, वहीं महिला के पिता और अन्य तीन लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
कुल्हाड़ी से भी किया हमलाः पीड़िता नरगिस और उसका पति राम किशोर अपनी चार महीने की बेटी के साथ परिजनों से मिलकर साहबगंज गांव से लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में नरगिस के भाइयों ने उन्हें गोली मार दी। गोली सीधे नरगिस के सिर में जा लगी। इतना ही नहीं आरोपियों ने नरगिस पर कुल्हाड़ी से भी वार किया, जिससे उसके हाथ और चेहरे पर भी चोटें आईं। वहीं राम किशोर को गोली छूकर निकल गई, जिसके चलते वे भी घायल हो गए।
National Hindi News, 1 june 2019 LIVE Updates: दिनभर की खबरें जानने के लिए यहां क्लिक करें
एसएचओ ने दर्ज की रिपोर्टः एसएचओ ने बताया कि पीड़ित राम किशोर की शिकायत पर 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस शिकायत में नरगिस के पिता कुतुबुद्दीन, मां शबरी और उसके छह भाइयों का नाम शामिल है। बाकी के आरोपी मृतक महिला के रिश्तेदार और पड़ोसी बताए जा रहे हैं। एसीपी संसार सिंह ने बताया कि शुक्रवार (31 मई) को पीड़िता के तीन भाइयों शमशेर, असगर और अकबर को बहुआ मार्केट के कुलरिया इलाके से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस ने उनके पास से पिस्टल और कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
कोर्ट में पेशी के बाद भेजा जेलः एसएचओ ने बताया कि तीनों मुख्य आरोपियों को हत्या के आरोप में पहले स्थानीय अदालत में पेश किया गया और इसके बाद जेल भेज दिया गया। नवाजगंज एरिया के सर्किल ऑफिसर ने बताया कि पिछले साल नरगिस अपने परिवार को छोड़कर राम किशोर नाम के व्यक्ति के साथ चली गई थी, जिसके चलते उसके परिजन उससे काफी नाराज थे।

