उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह ही दो सहेलियों की लाश पेड़ से लटकी मिली है। जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों लड़कियों की हत्या हुई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की और फिर दोनों लड़कियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी तक की जांच के अनुसार पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है।

फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित भगौतीपुर गांव में बीती रात जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन किया गया था। जिसमें शामिल होने के लिए गांव के कई लोग के साथ गांव के ही रामवीर जाटव की 18 वर्षीय बेटी बबली और महेंद्र जाटव की 15 वर्षीय बेटी शशि भी गई थीं।

सुबह बगीचे में पेड़ से लटकी मिली लाश

देर रात जब लड़कियां घर नहीं आईं तो परिजनों ने खोजने की भी कोशिश की। जब दोनों नहीं मिलीं तब परिजनों को लगा कि वो दोनों पास ही रहने वाली अपनी बुआ के घर रुक गई हैं, लेकिन मंगलवार सुबह गांव में स्थित आम के बाग में दोनों लड़कियों का शव लटका हुआ मिला। जिसके बाद तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गांव वालों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।

पुलिस ने सुसाइड का बताया मामला

सूचना मिलते ही मौके पर फर्रुखाबाद के पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ फॉरेंसिक टीम भी गई। टीम मौके कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों लड़कियों के शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक इस घटना को रेप और हत्या की बजाय सुसाइड का बता रहे हैं। हालांकि फिर भी पुलिस हर मामले को लेकर जांच कर ही है।

घटना स्थल से ममेरे भाई का फोन बरामद

जानकारी के अनुसार घटना स्थल से जन्माष्टमी वाले स्थान की दूरी महज 150 मीटर ही थी। दोनों बहुत ही पक्की दोस्त बताई जा रही हैं। दोनों की लाश एक ही दुपट्टे से लटकी मिली थी। वहीं पुलिस को घटना स्थल से ही एक लड़की के ममेरे भाई का मोबाइल फोन बरामद हुआ है।