Mulayam Singh Yadav Health: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की रविवार (2 अक्टूबर, 2022) को अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके चलते उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर सुशीला कटारिया के देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

वहीं उनके बेटे अखिलेश यादव भी मेदांता अस्पताल पहुंच गए हैं। गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव को हॉस्पिटल में भर्ती कराने के बाद वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है। पिछले काफी समय से मुलायम सिंह का स्वास्थ्य खराब चल रहा है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुलायम सिंह के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है।

डिप्टी सीएम ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुलायम सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की सेहत खराब होने की जानकारी प्राप्त हुई है। मैं भगवान से उनके शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना एवं प्रार्थना करता हूं।’

बता दें, समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे हैं। इससे पहले शनिवार (13 अगस्त, 2022 ) को सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने मुलायम सिंह से अस्पताल जाकर मुलाकात की और उनसे बातचीत करते हुए कुछ तस्वीरें भी शेयर की थी।

रामगोपाल यादव ने मुलायम सिंह से मुलाक़ात की तस्वीरें अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की थीं। इसके साथ उन्होंने लिखा था, “आज नेता जी से मेदांता अस्पताल गुरुग्राम में मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। नेता जी ने लगभग एक घंटा तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर सवाल किए और राजनीति को लेकर कई सार्थक सुझाव दिए। वे शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ होकर घर आ जाएंगे।”

कुछ समय पहले भी मुलायम सिंह यादव को रुटीन चेकअप के बाद यूरिन इंफेक्शन के चलते उन्हें गुरुग्राम को मेदांता अस्पताल में एडमिट किया गया था। मुलायम सिंह यादव का इलाज मेदांता में ही चलता है, जिसकी वजह से उनका रुटीन चेकअप भी यहीं होता है। जुलाई, 2021 में भी उन्हें मेदांता में भर्ती कराया गया था। जून, 2019 में भी मुलायम सिंह यादव को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सीएम योगी ने मुलायम सिंह के आवास पर जाकर उनकी कुशलक्षेम और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।