उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मानसिक रूप से बीमार एक महिला को 36 सालों तक जंजीरों में जकड़ कर घर में कैद करके रखा गया था। एक गैर-सरकारी संगठन ने महिला को छुड़ाया है और उम्मीद जताई है कि वह ठीक हो जाएगी। डॉक्टरों का कहना है कि उसके ठीक होने में कुछ हफ्ते लग सकते हैं।

एनजीओ सेवा भारती ने टूंडला में बीजेपी विधायक अंजुला महौर के नेतृत्व में मानसिक रूप से बीमार महिला को छुड़वाया है। महिला को इलाज के लिए आगरा के मानसिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब महिला की उम्र 17 साल थी, तब उसे जंजीरों से बांधकर घर में कैद कर दिया गया था और अब उसकी उम्र 53 साल की हो गई है।

एएनआई से बात करते हुए आगरा मानसिक संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ दिनेश राठौर ने कहा, “फिरोजाबाद की रहने वाली 53 साल की एक महिला को बचाकर यहां लाया गया है। उसे 36 साल तक उसके परिवार द्वारा एक कमरे में जंजीरों में जकड़ कर रखा गया था क्योंकि वो लोग मानते थे कि महिला मानसिक रूप से बीमार है।” राठौर ने कहा कि जब महिला को अस्पताल लाया गया था उस वक्त उसकी हालत खराब थी। हमें वह काफी बुरी हालत में मिली थी। डॉक्टर ने बताया कि महिला बहुत गंदे कपड़ों में उनको मिली थी।

इसके बाद महिला को एनजीओ के सदस्यों ने नहलाया और कुछ साफ कपड़े दिलवाए। डॉक्टर ने बताया कि महिला का मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। डॉक्टरों ने महिला के जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई है। उनका यह भी कहना है कि शायद कुछ हफ्तों के अंदर ही महिला ठीक हो जाए। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के लोग महिला के पास आते-जाते नहीं थे और दीवार में एक दरार के जरिए उसे खाना दिया जाता था और दरवाजे एवं खिड़की से नहाने के लिए पानी दिया गया। अब महिला का इलाज चल रहा है और उसको बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।