कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री अजय राय ने शनिवार (10 जून, 2023) को आरोप लगाया कि बहुजन समाज पार्टी और भारती जनता पार्टी गठबंधन में हैं। उन्होंने 23 जून को पटना में होने वाली विपक्षी दलों की बैठक में बसपा प्रमुख मायावती के शामिल होने को लेकर यह टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि बसपा की अध्यक्ष मायावती का भाजपा के साथ गठबंधन है और वे सत्तारूढ़ दल से मिली हुई हैं।

वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के करनई गांव में पूर्व सांसद गौरीशंकर राय जन्मशती समारोह में शामिल होने आए थे। इस दौरान, पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मायावती भाजपा के गठबंधन में बैठी हुई हैं और वह भाजपा के साथ मिली हैं।” पूर्व मंत्री अजय राय ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मजबूत है और राहुल गांधी के नेतृत्व में 2024 का लोकसभा चुनाव पार्टी जीतेगी।

उन्होंने कांग्रेस से गठबंधन करने वाले विपक्षी दलों को कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खड़गे व राहुल गांधी के साथ मिलकर काम करने की नसीहत दी। राय ने कहा कि राहुल गांधी जैसा नेतृत्व देश और प्रदेश में नहीं है, जिसको भी गठबंधन करना है वह कांग्रेस, मल्लिकार्जुन खड़गे व राहुल गांधी के साथ मिलकर काम करे। इस दौरान, उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार को भी निशाने पर लिया और आरोप लगाया कि भाजपा आम जनता के लिए चुनौती बन गई है। आम जनमानस महंगाई व बेरोजगारी से परेशान है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठख आयोजित की है। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने बुधवार को यह जानकारी दी। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह के साथ पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के उनके समकक्ष एमके स्टालिन और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल बैठक में शामिल होने के लिए तैयार हो गए हैं।