उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में दूसरा कैराना नहीं बनने की बात कही है। उन्होंने शुक्रवार (06 सितंबर) को कहा कि सपा सरकार के समय यहां दंगे होते थे लेकिन अब प्रदेश में कोई ‘दूसरा कैराना नहीं बनेगा।’ उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार में अपराधियों में खौफ है। बता दें कि योगी ने सहारनपुर के गंगोह में 450 करोड़ रुपए लागत वाली योजनाओं का शिलान्यास किया है। उन्होंने यह बयान योजनाओं का शिलान्यास के दौरान दिया है। जिले को एक हवाईअड्डे तथा विश्वविद्यालय की सौगात भी दी है।

योगी-सहारनपुर अब राष्ट्रवाद की राह परः योगी ने गंगोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘ढाई वर्ष पहले यहां क्या स्थिति थी, सभी को पता है। यहां सपा सरकार में दंगा होता था। लूटपाट करवाते थे, बहन बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने का दुस्साहस करते थे। लेकिन अब प्रदेश में कोई दूसरा कैराना नहीं बनेगा।’ उन्होंने आगे कहा, ‘कैराना में पीएसी की बटालियन स्थापित होने जा रही है। अब उत्तर प्रदेश में अपराधियों में सरकार का खौफ है। ढ़ाई वर्ष के दौरान कोई दंगा प्रदेश के अंदर नहीं हुआ। पर्व और त्यौहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं। कोई जाति कोई मत कोई मजहब हो पर्व और त्योहार मनाने में कोई बंदिश नहीं है। चाहे वह कांवड़ यात्रा हो या फिर कोई अन्य पर्व हो, धूमधाम के साथ सभी लोग पर्व और त्योहारों को मना रहे हैं।’ बता दें कि कुछ साल पहले कैराना कथित सांप्रदायिक तनाव के बाद पलायन के मामलों को लेकर खबरों में रहा था। योगी ने कहा कि सहारनपुर अब राष्ट्रवाद की राह पर है। यहां अब कोई दंगे नहीं होते हैं।

National Hindi Khabar, 7 September 2019 LIVE News Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें

योगी ने पीएम मोदी की तारीफ कीः सीएम योगी ने कहा कि यहां जल्द विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यहां हवाईअड्डा बनाने पर सरकार तेजी से काम कर रही है जिससे दिल्ली की दूरी घटेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर एक भारत, श्रेष्ठ भारत का निर्माण किया है। मुस्लिम महिलाओं को सम्मान देने के लिए तीन तलाक पर कानून बनाया। इसके साथ स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर जरूरतमंद के घर शौचालय भी बनवाए है।

सहारनपुर को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ से हुआ फायदाः योगी ने सहारनपुर के बारे में बयान देते हुए कहा कि सहारनपुर की लकड़ी के कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए नक्काशी बाजार को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने का काम सरकार कर रही है। सहारनपुर को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) से बड़ा फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को बिना भेदभाव के लिए प्रदेश में लागू किया गया। सपा-बसपा की सरकारों में नौकरी के नाम पर खेल किया जाता था और पक्षपात होता था लेकिन अब ऐसा नहीं होता है। ढ़ाई साल में हमारी सरकार ने पूरी पारर्दिशता के साथ करीब सवा दो लाख नौकरी बिना किसी भेदभाव के दी हैं।

Mumbai Rains, Weather Forecast Today Live Updates: मुंबई के मौसम का हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें

सीएम योगी-गौ हत्या और फसल बर्बाद नहीं होने देंगेः योगी ने कहा कि प्रदेश में जब भाजपा ने सत्ता संभाली थी तो प्रदेश में अराजकता थी। जगह-जगह अवैध बूचड़खाने चल रहे थे, अव्यवस्था थी। हमारी सरकार आई, अवैध बूचड़खानों को 24 घंटे के अंदर बंद करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि हमने तय किया कि अगर कोई किसान अपनी मर्जी से गौवंश को अपने घर में रखेगा तो उसे 900 रुपए देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी कीमत पर गौ हत्या नहीं होने देंगे, न ही किसी किसान की फसल को बर्बाद होने देंगे।

योगी ने घेरा सपा और बसपा कोः मुख्यमंत्री ने सहारनपुर में कहा कि ननोता चीनी मिल की डिस्टलरी चलाई जाएगी। इसके साथ बिडवी चीनी मिल को भी चलाने की योजना है। वहीं यह भी कहा कि गन्ना मिल की लड़ाई सरकार उच्चतम न्यायालय में लड़ रही है। इस पर वे बोले कि समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में पांच वर्ष तक गन्ना का भुगतान बकाया था। उनकी सरकार ने 73 हजार करोड़ रूपए का बकाया भुगतान किया है। इस मौके पर योगी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और अन्य पार्टी नेताओं के साथ गंगोह विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर मंथन भी किया। बता दें कि गंगोह से विधायक रहे प्रदीप चौधरी के लोकसभा चुनाव में कैराना से सांसद चुने जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव होना है।