सपा विधायक राकेश सिंह थाने के अंदर पुलिस के सामने निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पति को दौड़ा- दौड़ा कर लात-घूंसे से बुधवार को मार रहे थे। लेकिन पुलिस असहाय थी। विधायक द्वारा की गई पिटाई से पहले थाने के बाहर राकेश सिंह के भाई, भतीजे और समर्थक दीपक सिंह की गाड़ी रोककर ईंट पत्थर बरसाए थे। इस बीच दीपक सिंह बचने के लिए थाने की शरण में गए थे। लेकिन थाने में पहले से मौजूद विधायक भाजपा उम्मीदवार के पति को बुरी तरह पीटा। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है और अब FIR कराई गई है।
भाजपा नेता दीपक सिंह की तहरीर पर सपा विधायक राकेश सिंह समेत बारह नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ गौरीगंज थाने में घरा, 147,148,352,336,323,427,506 में मामला दर्ज कराया गया है। इस मुकदमे में गौरीगंज के सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह,उमेश सिंह, रामेंद्र सिंह,अलकेंद सिंह, दिनेश सिंह, अरुणेंद्र सिंह, रणबीर सिंह, राहुल सिंह, बांके बिहारी सिंह, कुलदीप सिंह, सुरेश सिंह, सिंपल सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
थाने के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। भाजपा नेता की पिटाई करने के बाद सपा विधायक थाने से बाहर निकल गए थे। 11 मई को निकाय चुनाव के आखिरी चरण का मतदान है। लेकिन थाने के अंदर पुलिस के सामने विधायक की गुंडागर्दी का वायरल वीडियो देखकर वोटर सहमे हुए हैं।
दीपक सिंह की पत्नी रश्मि सिंह भाजपा की उम्मीदवार हैं। रश्मि सिंह को नगर पालिका अध्यक्ष बनाने के लिए पूरी भाजपा जुटी है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता, प्रभारी मंत्री गिरीश यादव आदि चुनाव प्रचार में गौरीगंज गए थे। भाजपा के लिए गौरीगंज नगर पालिका महत्वपूर्ण सीट है। इस सीट पर सपा विधायक राकेश सिंह का कब्जा है। जिससे विधायक गौरीगंज में सत्ता की वापसी में जुटे हैं।
राकेश सिंह प्रशासन पर अनसुनी का आरोप लगाकर मंगलवार की रात से धरने पर बैठे थे। विधायक का कहना है कि उनके समर्थकों को मारा जा रहा है। इसीलिए धरने पर बैठे थे। दीपक सिंह ने बताया कि बुधवार को वे गौरीगंज थाने के सामने से गुजर रहे थे। इस बीच विधायक के भाई, भतीजे और समर्थक गाड़ी पर पथराव करने के साथ ही हत्या करना चाहते थे।
जिससे वे अपनी जान बचाने के लिए गौरीगंज थाने में घुस गए थे। विधायक वहां पहले से धरने पर बैठे थे। देखते ही विधायक दीपक सिंह के ऊपर टूट पड़े। इसके बाद विधायक खुद दीपक सिंह को दौड़- दौड़ा कर मार रहे थे। विधायक द्वारा मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो में विधायक दीपक सिंह को बुरी तरह मारपीट रहे हैं। इसके बाद विधायक पिस्टल निकाल कर गोली मारने की बात कह रहे हैं। वीडियो में विधायक कह रहे हैं कि अमेठी जिले में राकेश सिंह से बड़ा कोई गुंडा नहीं है।
भाजपा उम्मीदवार के पति की पिटाई पर संघ के पुराने नेता ज्ञान सिंह ने कहा कि विधायक के खिलाफ गौरीगंज पुलिस को मुकदमा दर्ज करना चाहिए। पुलिस विधायक को बचाने के लिए सामान्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व प्रवक्ता गोविंद सिंह चौहान ने कहा कि योगीराज में सपा विधायक राकेश सिंह की गुंडागर्दी किसी से छिपी नहीं है।
विधायक थाने के अंदर पुलिस के सामने भाजपा नेता को दौड़ा- दौड़ा कर पीट रहे थे। पुलिस नतमस्तक थी। पुलिस के सामने पिस्टल हाथ में लेकर गोली मारने की बात कही है। घटना के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन दोनों जिम्मेदार है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। गौरीगंज पुलिस को भी विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए। धारा 144 के बाद बिना अनुमति के विधायक रातभर थाने के अंदर समर्थकों के साथ धरने पर बैठे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपाई गौरीगंज थाने में जमा हो गए थे।