कहते हैं कि प्यार इंसान को किसी भी हद से आगे ले जाता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है हरियाणा में जहां दो सहेलियों को आपस में प्यार हुआ। जिसके बाद प्यार को पाने के लिए एक सहेली ने अपना जेंडर चेंज करवा लिया और लड़की ऑपरेशन करवा कर लड़का बन गया। जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली। हालांकि शादी के कुछ महीने बाद ही लड़की के परिवार वालों को जेंडर चेंज करने की बात का पता लगा जिसके बाद परिवार वालों ने लड़की को जेंडर चेंज करवाने वाली लड़की से मिलने पर भी बैन लगा दिया। वहीं दूसरी ओर पति (जेंडर चेंज करने के बाद) ने ससुराल वालों के खिलाफ पत्नी से नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है।

कहां का है मामला: दरअसल पूरा मामला हरियाणा के चरखी दादरी का है। पुलिस के मुताबिक दो सहेलियों को आपस में प्यार हो गया। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन समाज के डर से नहीं कर पा रहे थे। जिसके बाद एक लड़की ने अपने परिजनों से सेक्स चेंज ऑपरेशन की इजाजत मांगी और सेक्स चेंज करवा कर अपनी दोस्त से दिल्ली के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली और वापस दादरी आ गए।

वर पक्ष हुआ राजी: दोनों जब शादी करके वापस अपने शहर आए तो वर पक्ष तो राजी हो गया लेकिन लड़की ने अपने घर वालों को बताने के लिए वक्त मांगा। जिसके चलते शादी के बाद भी वो अपने ही घर में रहने लगी और चुपचुप के मिलने लगी। लेकिन 19 दिसंबर के बाद ये दोनों मिल नहीं पाए।

पति ने लगाया आरोप: जब लड़के ने लड़की से मिलने की कोशिश की तो उसके घर वालों ने मिलने देने से इनकार कर दिया। जिसके बाद लड़के ने एसपी स्मिति चौधरी को शिकायत सौंपी। जिसकी जांच एसपी ने सिटी थाना प्रभारी दलबीर सिंह को सौंपी। जिसके बाद दोनों ही पक्षों को बुलाया गया और सुलह की कोशिश की गई। हालांकि दोनों ही पक्षो में सुलह नहीं हो पाई।

लिंग परिवर्तन के लिए लिया कर्ज: युवक (जेंडर चेंज करवाने के बाद) ने बताया कि उसने करीब एक साल पहले सेक्स चेंज ऑपरेशन करवाया था। इस सर्जरी पर करीब 10 लाख का खर्चा आया था। जिसके लिए उस वक्त लड़की ने कर्ज भी लिया था। ये कर्ज अभी तक नहीं चुकाया गया है जबकि एक सर्जरी और बाकी है।