किसान आंदोलन के बीच और कांग्रेस स्थापना दिवस से एक दिन पहले निजी विदेश यात्रा पर गए राहुल गांधी निशाने पर हैं। भाजपा ने एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को निशाने पर लेते हुए उन्हें पार्ट टाइम राजनीति करने वाला नेता करार दिया है। राहुल के इटली जाने पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा- पार्ट टाइम पॉलिटिक्स, फुल टाइम पर्यटन और पाखंड जो नेता करेगा, उसको नानी याद आएगी और जब नानी याद आती है तो वो (राहुल गांधी) कहां पहुंच जाते हैं इसका पता सिर्फ उनको ही होता है।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा- प्रियंका गांधी जी अपनी नानी से उतना प्यार नहीं करतीं, जितना राहुल गांधी जी करते हैं। एक बयान में उन्होंने कहा था कि भारत में राहुल गांधी की छुट्टी खत्म हो गई है, आज वह इटली वापस चले गए।

एमपी के सीएम शिवराज चौहान ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- कांग्रेस इधर अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11’ हो गए। भाजपा नेता वीके सिंह ने भी शिवराज सिंह चौहान की बात दोहराते हुए कहा कि स्‍थापना दिवस पर राहुल विदेश में हैं। शायद वे थक गए हैं इसलिए वहां आराम कर रहे हैं।

केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी 27 दिसंबर को अपनी निजी विदेश यात्रा पर रवाना हो गए। 28 दिसंबर को पार्टी का 136वां स्थापना दिवस था। पार्टी स्थापना दिवस पर राहुल के ना होने पर कांग्रेस की खूब किरकिरी हुई और पार्टी नेताओं को लगातार बयान देने पड़े।

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि राहुल गांधी एक छोटी व्यक्तिगत यात्रा पर विदेश गए हैं, जो जल्द भारत लौट आएंगे। ऐसे में राहुल की विदेश यात्रा और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी स्वास्थ्य कारणों से कांग्रेस स्थापना दिवस कार्यक्रमों में भाग नहीं ले सके। कांग्रेस स्थापना दिवस पर प्रियंका गांधी मीडिया द्वारा राहुल पर सवाल पूछने पर नाराज हो गईं थी और बिना जवाब दिए वहां से चली गईं।