केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पर सीधा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मांग की है कि पुलवामा आतंकी हमले पर विवादित बयान के कारण नवजोत सिंह सिद्धू से इस्तीफा मांगा जाए। साथ ही, राहुल पूरे देश से माफी मांगें।

क्या कहा गिरिराज सिंह ने : क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह ने हाल में ही अपने एक बयान के कारण विवादों में घिर गए हैं। कॉमेडी शो के जज सिद्धू ने कश्मीर के जवानों की सुरक्षा और सेना की भूमिका के ऊपर सवाल उठाए थे। इसके बाद उनके बयान की जमकर आलोचना हुई। बयान के विरोध में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी सामने आए और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सिद्धू को पार्टी से निकालने की बात कही। गिरिराज सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को स्पष्टीकरण देना चाहिए और देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। वहीं, सिद्धू को पार्टी से निष्कासित करना चाहिए।’’ सिद्धू ने 2004 में बीजेपी से राजनीति में एंट्री की थी, लेकिन 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अब पुलवामा पर विवादास्पद बयान के कारण सिद्धू को कॉमेडी शो के जज से निकाल दिया गया है।

अलगाववादियों की सुरक्षा वापस लेने का स्वागत किया : पुलवामा हमले के विरोध में केंद्र सरकार ने अलगाववादी नेताओं को दी गई सुरक्षा और सुविधाएं वापस ले ली हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि देश के खिलाफ सोचने वालों को कोई सुविधा का हक नहीं। हम कई साल से ऐसे नेताओं की सेवा मेहमान के तौर पर कर रहे थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने अलगाववादी नेताओं पर तानाशाह की तरह बर्ताव करने का आरोप भी लगाया।