Uniform Civil Code: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) और महाराष्ट्र (Maharashtra) में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) को लेकर हवा तेज हो गई। मध्य प्रदेश में जहां सीएम शिवराज (Shivraj Singh Chouhan) ने जल्द कमेटी बनाने की बात कही है तो वहीं महाराष्ट्र में डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि समान नागरिक संहिता को राज्य में जल्द लागू किया जाएगा। जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद करेंगे। बता दें, बुधवार को केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि पूरे देश समान नागरिक संहित लागू करने का वक्त आ गया है।

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) गुरुवार (1 दिसंबर, 2022) को चाचरिया में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता को लेकर मध्यप्रदेश में कमेटी बनाने की बात कही।

महाराष्ट्र उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) शीघ्र लागू की जाएगी, लेकिन इसकी घोषणा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ही करेंगे। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) गुरुवार को मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री ने सभी राज्यों को खुद समान नागरिक संहिता कानून लागू करने के लिए कहा है। इसको लेकर सभी राज्यों को कभी न कभी फैसला लेना होगा। सभी राज्य अपनी सुविधा के अनुसार इसे लागू कर रहे हैं। महाराष्ट्र में भी इसे लागू करने का विचार किया जा रहा है।

पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू करने का वक्त आ गया: राजनाथ सिंह

इससे पहले बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने एक निजी टीवी चैनल के साथ बातचीत में समान नागरिक संहिता कानून समेत कई मुद्दों पर बात की थी। राजनाथ ने कहा था कि पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू करने का समय आ गया है। सभी राज्यों को इस पर विचार करना चाहिए। जो राज्य लागू कर रहे हैं वे बधाई के पात्र हैं।