सबरीमाला मंदिर में 10-50 वर्ष के बीच की 2 महिलाओं के प्रवेश के बाद राजनैतिक स्तर पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरु हो गया है। दरअसल भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने सबरीमाला विवाद के लिए केरल के सीएम पिनाराई विजयन को जिम्मेदार ठहराया। शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि “इसे (सबरीमाला विवाद) जंग का मैदान बनाने के लिए सिर्फ एक व्यक्ति जिम्मेदार हैं और वो हैं मिस्टर विजयन (केरल के सीएम पिनाराई विजयन)। महिलाओं को हिजड़ा बनाकर लेकर जाना रात को एक बजे, अगर वो भक्त महिला थीं तो दिन में आना चाहिए था, लेकिन रात को ये कार्रवाई की गई।” बता दें कि बुधवार को दो महिलाओं ने देर रात सबरीमाला मंदिर में प्रवेश किया।

उल्लेखनीय है कि केरल के मशहूर सबरीमाला मंदिर में 10-50 वर्ष की महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी थी। लेकिन बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला देते हुए सबरीमाला मंदिर में हर आयु-वर्ग की महिलाओं के प्रवेश की अनुमति दे दी थी। लेकिन श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन के विरोध के चलते महिलाएं मंदिर में प्रवेश नहीं कर पायीं थी। पुलिस सुरक्षा में कई बार मंदिर में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन हर बार भगवान अयप्पा के भक्तों के विरोध के कारण महिलाओं को मंदिर में प्रवेश नहीं मिल सका। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पहली बार बुधवार को तड़के सुबह करीब 3.45 बजे दो महिलाओं ने कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मंदिर में प्रवेश किया। महिलाओं के प्रवेश के बाद मंदिर का करीब एक घंटे तक बंद रखा गया। इस दौरान मंदिर का शुद्धिकरण किया गया।

केरल के मुख्यमंत्री पी.विजयन ने सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश की पुष्टि की है। सीएम ने कहा है कि जो भी मंदिर में पूजा करना चाहता है, पुलिस उसे सुरक्षा मुहैय्या कराएगी। वहीं मंदिर में महिलाओं के प्रवेश की सूचना मिलते ही राज्य के कई भागों में विरोध प्रदर्शन शुरु हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी भी सबरीमाला मंदिर में भक्तों की आस्था को देखते हुए 10-50 वर्ष के आयुवर्ग वाली महिलाओं के प्रवेश के विरोध में है। यही वजह है कि महिलाओं के प्रवेश के बाद भाजपा सीएम पी.विजयन के खिलाफ हमलावर हो गई है। भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी का बयान भी मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के चलते हुए विवाद के बाद ही आया है।