सड़क पर वाहन चला रहे चालकों के हौंसले अब जुर्माने और दुर्घटना के डर के बावजूद नहीं टूट रहे। गौतमबुद्ध नगर में यातायात पुलिस के ताजा आंकड़े बताते हैं कि नियम उल्लंघन का स्तर पिछले वर्षों के रेकार्ड को पार कर गया है।

दोपहिया वाहन चालकों का वर्चस्व सबसे ज्यादा चिंता का विषय है, जिसमें आधे से अधिक बिना हेलमेट वाहन चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन बढ़ती संख्या गंभीर चिंता का कारण बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही प्रवृत्ति जारी रही, तो सड़क हादसों में वृद्धि होना तय है।

वर्ष 2024 में 11 माह में 25 लाख लोगों ने नियम तोड़े थे, जबकि 2023 में 15 लाख लोग उल्लंघन कर चुके थे। इस वर्ष 25 नवंबर तक 26 लाख से अधिक लोगों ने नियमों का उल्लंघन किया है। इस वर्ष 1.73 लाख वाहन विपरीत दिशा में चलाते पाए गए और 35 हजार वाहन चालकों ने दोपहिया पर तीन सवारी बैठाकर नियम का उल्लंघन किया। वहीं, उत्तर प्रदेश में चल रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत गौतमबुद्ध नगर में अबतक 2.5 लाख चालान किए जा चुके हैं और 650 वाहन जब्त किए गए हैं।

‘नीले ड्रम’ वाली मुस्कान रस्तोगी ने दिया बेटी को जन्म, प्रेमी के साथ मिलकर किया था पति का कत्ल

बीते साल इसी अवधि में चालान 2.36 लाख थे, जिससे स्पष्ट है कि इस वर्ष नियम उल्लंघन रेकार्ड तोड़ रहा है। यातायात पुलिस ने लगातार नियम तोड़ने वाले 4500 चालकों की सूची परिवहन विभाग को दी थी, जिसके बाद उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। इसके अलावा इस वर्ष नियम उल्लंघन पर करीब 12 हजार वाहन जब्त किए जा चुके हैं। डीसीपी यातायात प्रवीण कुमार रंजन ने कहा कि लगातार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसी जा रही है। आंकड़ा कम किया जा सके, इस पर काम किया जा रहा है।

जब्त वाहनों के मालिकों के लिए नई शर्त लागू

परिवहन विभाग ने जब्त वाहनों के मालिकों के लिए नई शर्त लागू की है। अब वाहन छुड़वाने के लिए मालिकों को शपथ पत्र देना होगा, जिसमें यह स्पष्ट करना होगा कि वाहन की सभी कमियों को ठीक कराएंगे और बिना सुधार वाहन नहीं चलाएंगे। शपथ पत्र जमा न करने पर वाहन नहीं लौटाया जाएगा। किसी दुर्घटना की स्थिति में मालिक स्वयं जिम्मेदार होंगे।

नियम उल्लंघन के आंकड़े (एक जनवरी – 25 नवंबर) – 2025

उल्लंघन का प्रकार – संख्या

तेज गति – 65,242

विपरीत दिशा में वाहन चलाना – 17,27,682

बिना सीट बेल्ट – 37,200

शराब पीकर वाहन चलाना – 250

लाल बत्ती लांघना – 1,02,671

दोपहिया पर तीन सवारी – 35,000