ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरिफरल पर ट्रक का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। जिसमें चार लोगों की मौत हुई है और 24 घायल हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक ट्रक में करीब 30 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। नोएडा पुलिस ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बैंड पार्टी की थी गाड़ी
जानकारी सामने आ रही है कि रात तकरीबन 2:30 बजे एक बैंड पार्टी की गाड़ी से ट्रक अनियंत्रित होकर टकरा गया था। जिसके बाद यह हादसा हुआ। 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। अब पुलिस हादसे को लेकर जानकारी जुटाने के प्रयास कर रही है।
घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया
हादसे में घायल हुए लोगों की चीख-पुकार से हर तरफ अफरा-तफरी मच गई थी। जिसके बाद घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना दनकौर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात को संभाल लिया था। सड़क पर पड़े गाड़ी के मलबे को साइड किया गया। मृतकों को पोस्टमार्ट्म के लिए भेजा गया और पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही है। इस दौरान ईस्टर्न पेरिफेरल पर लगे सीसीटीवी के जरिए भी एक्सीडेंट के सही कारणों का पता लागने का प्रयास हो रहा है।
एक दिन पहले ही बुलंदशहर में हुआ था भीषण हादसा
एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बड़ा सड़क हादसे की खबर सामने आई थी। जहां सलेमपुर-बदायूं मार्ग पर एक बस और पिकअप में टक्कर हो गई थी। हादसा इतना दर्दनाक था कि 10 लोगों की मौत हो गई और 27 लोग घायल हो गए थे। इस दौरान गुस्साए लोगों ने चक्का जाम कर दिया। हालांकि, पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर मामले को शांत करवाया और जाम खुलवाया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।