Himachal Pradesh Election 2022: भारतीय चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद राजनीतिक दलों ने अपना सियासी समीकरण सेट करना शुरू कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल में सरकार बदलती है। कभी कांग्रेस तो कभी भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की सत्ता पर काबिज होती है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कांग्रेस को हराकर सरकार बनाई थी। आज हम आज बात करेंगे जब बीजेपी ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने के लिए जनता दल से गठजोड़ कर लिया था। साथ ही जानेंगे की बीजेपी ने सूबे में कब-कब सरकार बनाई है।

साल 1990 में भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में पहली बार सरकार बनाई थी। इस साल बीजेपी ने जनता दल के साथ विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन किया और 51 सीटों पर चुनाव लड़ा और 46 सीटों पर जीत दर्ज किया था। जनता दल को 11 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, कांग्रेस को महज 8 सीट पर जीत हासिल हुई थी। इस चुनाव में काफी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की थी। प्रदेश में बीजेपी और जनता दल के गठबंधन की सरकार बनी और मुख्यमंत्री शांता कुमार बने थे।

1998 में हुए चुनावों में बीजेपी ने दोबारा वापसी की

भारतीय जनता पार्टी ने दोबारा 1998 में हुए चुनावों में वापसी की इस बार प्रेम कुमार धूमल हिमाचल के मुख्यमंत्री बने। धूमल वामसन सीट से चुनाव लड़े थे और जीत दर्ज की थी। प्रेम कुमार धूमल ने 6 मार्च 2003 तक सीएम पद की जिम्मेदारी निभायी थी। इसके पहले साल 1993 में 68 सीटों पर हुए चुनावों में बीजेपी को 8 सीट मिली थी और कांग्रेस के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था।

साल 2007 में तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाई

साल 2007 में भारतीय जनता पार्टी ने तीसरी बार हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाई थी। प्रेम कुमार धूमल दूसरी बार प्रदेश के सीएम पद की शपथ लिया था। इस बार बीजेपी ने 68 सीटों पर चुनाव लड़ा और 41 सीटों पर जीत दर्ज किया था। वहीं, कांग्रेस को महज 23 सीट मिली थी। इस बार प्रदेश में 90.78 प्रतिशत रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई थी। प्रदेश की जनता ने रिकॉर्ड मतदान कर भारतीय जनता पार्टी को सत्ता ने वापसी कराई थी।

साल 2017 में चौथी बार सरकार में वापसी की

साल 2012 में प्रदेश की सत्ता कांग्रेस के हाथों गंवाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने साल 2017 में चौथी बार सरकार में वापसी की। इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर का असर देखने को मिला और कांग्रेस को बुरी तरह से हार मिली। इस चुनाव में मोदी की लहर ऐसी की कांग्रेस महज 21 सीटों पर सिमट गई थी। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने अकेले 68 विधानसभा सीटों में से 44 पर जीत दर्ज की थी। 3 सीटों पर अन्य दलों जीत दर्ज किया था।

इस वजह से धूमल की जगह जयराम ठाकुर बने सीएम

बता दें कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल चुनाव हार गए थे। धूमल को कांग्रेस नेता राजिंद्र राणा ने हराया था। प्रेम कुमार धूमल के चुनाव हारने की वजह से बीजेपी ने हिमाचाल प्रदेश का सीएम जयराम ठाकुर को बनाया था।