बिहार चुनाव में एनडीए ने अप्रत्याशित जीत हासिल की है और महागठबंधन को उतनी ही अप्रत्याशित हार मिली है, यहां भी कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे निराशाजनक रहा है। अब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इन चुनावी नतीजों पर पहली प्रतिक्रिया दी है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर अपना विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।

अब राहुल गांधी ने इस बात पर जोर दिया है कि यह चुनाव निष्पक्ष नहीं था। इससे पहले जब उन्होंने हरियाणा चुनाव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, तब उन्होंने कहा था कि बिहार में भी वोट चोरी होने वाली है। उस बयान के बाद अब उन्होंने दावा किया है कि यह चुनाव शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं था। वैसे राहुल गांधी ने तो चुनावी नतीजों पर सवाल उठा रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस किसी का सम्मान नहीं करती है, वो चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाती है, चुनाव आयोग को गाली देती है। आज बिहार, देश के उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है, और इनमें हर धर्म और हर जाति के युवा शामिल हैं। उनकी इच्छा, उनकी आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वाले पुराने और सांप्रदायिक MY Formula को ध्वस्त कर दिया है। मैं आज बिहार के युवाओं का विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं।

ये भी पढ़ें- मुस्लिम बहुल सीमांचल में हुआ बड़ा खेल