अतीक अहमद के बेटे असद अहमद को गुरुवार (13 अप्रैल, 2023) को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। वह उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहा था। असद के साथ एक शूटर गुलाम को भी उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स ने ढेर कर दिया है। इस कार्रवाई पर उमेश पाल के परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस का आभार व्यक्त किया है। उमेश पाल की मां ने कहा कि आज मेरे बेटे को श्रद्धांजलि मिली है। उन्होंने कहा कि उन्हें यूपी सरकार पर पूरा भरोसा है और आगे भी उन्हें न्याय मिलेगा।
उमेश पाल की मां शांति देवी ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री जी और पुलिस विभाग का धन्यवाद करती हूं। पुलिस प्रशासन ने अपना फर्ज अदा किया। जो उनको करना चाहिए वो उन्होंने अच्छा न्याय किया। आगे जो हैं उनके लिए भी जो प्रशासन सोच रहा है या इतने दिन से पुलिस विभाग भाग-दौड़ मचा रहा है। उनको जो करना है वो अपने हिसाब से करेंगे। हमें मुख्यमंत्री पर भरोसा था आज भी पूरा भरोसा है वह हमको अच्छा फैसला देंगे। मुझे वो भरोसा आज दिखाई दिया, मेरे बेटे के दो हत्यारे मारे गए।”
उन्होंने आगे कहा, “इसने मेरे बेटे को सरेआम गोली मारी थी और हम लोग देख रहे हैं कि पीछे बैठा गनर जो गाड़ी से उतर नहीं पाया था, उसे इसने राइफल से मारा था। तो उन लोगों को श्रद्धांजलि आज कुछ मिली है। ये दो एनकाउंटर हुए हैं, इन्होंने पाप किया था, पाप के भागी थे उसकी सजा इन्हें मिली है।”
उमेश की पत्नी जया पाल ने कहा, “मैं माननीय मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देती हूं, जो आज उन्होंने इतने बड़े फैसले को अंजाम दिया। उन्होंने जो किया वो बहुत अच्छा किया। उन्होंने अपनी बेटी के सुहाग के कातिलों को सजा दिलाई। मैं उनका बार-बार आभार व्यक्त करूंगी कि वो पिता समान सब हैं, उन्होंने बहुत अच्छा किया। इंसाफ तो हुआ ही है और मैं मांग करूंगी कि आगे भी इंसाफ दे। जो पुलिस कर्मचारी हैं कि उन्होंने बहुत सहयोग किया, बड़ी प्रतिष्ठा के साथ और बड़ी मशक्कत के बाद इस तरह का सुनने को मिला।” उन्होंने आगे कहा कि मैंने मुख्यमंत्री जी पर सब छोड़ा है। वो जो कुछ भी करेंगे सब उचित करेंगे, अच्छा करेंगे। प्रशासन मुझे न्याया दिला रहा है। वो देर में ही सही लेकिन न्याय देंगे जरूर। उमेश पाल जी की आत्मा को शांति मिल जाएगी।
इसी साल 24 फरवरी को उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की सरेआम हत्या कर दी गई थी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें असद अहमद भी नजर आया था। गिरफ्तारी के डर से असद फरार चल रहा था अब उसे झांसी में पुलिस ने ढेर कर दिया।