दिल्ली एनसीआर में बारिश के बाद से मौसम का मिजाज बदल गया है। उमस खत्म हो गई है और काफी समय से गर्मी की मार झेल रहे लोगों को इससे थोड़ा राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ दिन तक दिल्ली एनसीआर में तेज बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन अगले हफ्ते से पारा गिरेगा और मानसून के वापसी के दौरान बारिश हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने कहा कि अगले पांच दिनों में दिन में तापमान बढ़ने से हल्की उमस महसूस होगी। वहीं 25 व 26 सितंबर को दोबारा वर्षा की स्थिति बनेगी अंतिम सप्ताह में दिल्ली में हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद तापमान कम होना शुरू हो जाएगा। राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो इस मौसम के लिए सामान्य है।
न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम साढ़े पांच बजे हवा में सापेक्षिक नमी 58 फीसद रही। मौसम विभाग ने सोमवार से आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।