बर्फबारी के चलते पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। हिमाचल के मनाली, सोलन, चंबा, कल्पा, सेवबाग, सुंदरनगर और भुंटार में पारे में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह जम्मू-कश्मीर में भी मौसम जमकर कहर ढा रहा है। श्रीनगर की डल झील के कुछ हिस्सों में बर्फ जम गई है।

केलॉन्ग में माइनस 11.1 डिग्री तक पहुंचा पारा

ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट के साथ कंपकंपी भी बढ़ गई है। बर्फबारी के चलते मौसम काफी हद तक सैलानियों के मुफीद हो गया है। लेकिन सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। हिमाचल प्रदेश में सबसे न्यूनतम तापमान आदिवासी इलाके लाहौल और स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलॉन्ग में दर्ज किया गया। यहां तापमान माइनस 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

वीडियोः चंद्रा नंदी में जम गया पानी

हिमाचल के कई इलाकों में शून्य से नीचे पारा

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के कल्पा में न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मनाली में माइनस 3.4 डिग्री, सुंदरनगर में माइनस 1.3 डिग्री, भुंटार में माइनस 1 डिग्री, सोलन में माइनस 0.7 डिग्री और चंबा में माइनस 0.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 2.7 और डलहौजी में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।