बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने शपथ ले ली है। नीतीश कुमार के 10वीं बार बिहार का मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद राजद के विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव ने रिएक्शन दिया है।
विधानसभा चुनाव में राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और वह सिर्फ 35 सीटों पर जीत दर्ज कर सका। इसमें भी राजद को सिर्फ 25 सीटें मिली जबकि एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया और उसे 202 सीटों पर जीत मिली है।
एनडीए में बीजेपी ने 89, जेडीयू ने 85, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 19, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) ने 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 4 सीटें जीती हैं।
बहरहाल, तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है। इसके अलावा उन्होंने मंत्री परिषद के बाकी सदस्यों को भी बधाई दी है।
तेजस्वी यादव ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि नई सरकार लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी और अपने वादों और घोषणाओं को पूरा करेगी। तेजस्वी यादव ने यह भी उम्मीद जगाई है कि नई सरकार बिहार के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
26 मंत्रियों ने ली शपथ
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा डिप्टी सीएम के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शपथ ली। 26 मंत्रियों में से 14 बीजेपी के, 8 जदयू के, लोजपा (रामविलास) के 2, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा(सेकुलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 1-1 मंत्री हैं। नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में मुस्लिम चेहरे के रूप में जदयू ने जमा खान को मंत्री बनाया है।
’10 हजार में बिहार सरकार मिलती है’, चुनावी हार के बाद मुकेश सहनी ने ऐसा क्यों कह दिया?
