Maharashtra Politics: उद्धव ठाकरे कैंप में मची भगदड़ खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। उद्धव कैंप के 13वें सांसद कीर्तिकर ने अब बगावत करके शिंदे का दामन थाम लिया है। ठाकरे ग्रुप को अलविदा कहने वाले गजानन कीर्तिकर ने आज एकनाथ शिंदे ग्रुप को ज्वाइन कर लिया।

गजानन कीर्तिकर शुक्रवार (11 नवंबर, 2022) को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिलने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री आवास वर्षा बंगले पर मिलने पहुंचे। यहां गजानन कीर्तिकर शिंदे ग्रुप में शामिल हो गए। उसके बाद वह सीएम एकनाथ शिंदे और पार्टी के अन्य नेताओं की उपस्थिति में रवींद्र नाट्य मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम में आधिकारिक रूप से पार्टी में शामिल हुए।

सीएम एकनाथ शिंदे ने एक ट्वीट में गजानन कीर्तिकर का पार्टी में स्वागत करते उनके पार्टी में शामिल होने की पुष्टि की। मराठी में किए गए ट्वीट में शिंदे ने लिखा, ‘मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा क्षेत्र के एक लोकप्रिय सांसद गजानन कीर्तिकर आज बालासाहेब की शिवसेना पार्टी में शामिल हो गए हैं। इस अवसर पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उनके भविष्य की सामाजिक और राजनीतिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुंबई के सांसद के इस फैसले को ग्रेटर मुंबई नगर निगम के चुनाव से पहले शिवसेना (यूबीटी) के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। कीर्तिकर को उद्धव ठाकरे समूह का एक वफादार सांसद माना जाता था, लेकिन उनके भी शिंदे समूह में शामिल होने से एकनाथ शिंदे समूह में सांसदों की संख्या 13 हो गई है।

पहले से ही चर्चा थी कि गजानन कीर्तिकर शिंदे समूह में शामिल होंगे। शिवाजी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और राकांपा से गठबंधन करना भूल थी। 6 सितंबर को गजानन कीर्तिकर और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच गुप्त मुलाकात की भी खबरें थीं। उस समय कहा गया था कि सांसद कीर्तिकर मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर भगवान गणपति के दर्शन करने गए थे। इसके अलावा, ऐसी खबरें भी थीं कि कीर्तिकर हाल के दिनों में विभिन्न कारणों से ठाकरे खेमे से खुश नहीं थे।

इससे पहले एकनाथ शिंदे ने सत्ता में आने के बाद जुलाई में कीर्तिकर से मुलाकात की थी। उस वक्त शिंदे ने कहा था कि यह कोई राजनीतिक मुलाकात नहीं है। उन्होंने कहा था कि वह बीमार होने के कारण कीर्तिकर से मिले थे। बता दें, शिवसेना के 12 लोकसभा सांसद पहले ही शिंदे ग्रुप में शामिल हो चुके हैं। जिनमें राहुल शेवाले, भावना गवली, कृपाल तुमाने, हेमंत गोडसे, सदाशिव लोखंडे, प्रतापराव जाधव, धैर्यशील माने, श्रीकांत शिंदे, हेमंत पाटिल, राजेंद्र गावित, संजय मांडलिक और श्रीरंग बार्ने। वहीं 13वें सांसद 79 वर्षीय गजानन कीर्तिकर उत्तर पश्चिमी मुंबई निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद हैं।