आज (मंगलवार) भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात के गोधरा में पंचमहल, दाहोद और छोटा उदयपुर लोकसभा क्षेत्र के शक्ति केन्द्र सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने न सिर्फ लोकसभा चुनावों में जीत का दावा किया बल्कि साथ ही कांग्रेस पर जोरदार हमला भी किया। हमला करते हुए शाह ने कांग्रेस में पीएम की सीट को जन्मजात आरक्षित बताया। वहीं इसके साथ ही 26 की 26 सीटों पर जीत की दावेदारी पेश करते हुए शाह ने कहा- फिर एक बार मोदी सरकार।
कांग्रेस में पीएम की सीट ‘जन्मजात आरक्षित’: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस में प्रधानमंत्री की सीट जन्मजात आरक्षित है। इसके साथ ही शाह ने कहा कि क्या कोई इस पार्टी में कार्यकर्ता शीर्ष पद पाने की सोच सकता है। वहीं शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा- क्योंकि भाई राहुल गांधी की शादी नहीं हुई है, इसलिए अब बहन (प्रियंका गांधी) राजनीतिक मैदान में उतर चुकी हैं।
भाजपा में सब है संभव: शाह ने भाजपा की तारीफ करते हुए कहा- भाजपा में जब उनके जैसा एक आम बूथ कार्यकर्ता पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और एक चायवाला पीएम बन सकता है तो यहां सब संभव है। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं एक बूथ कार्यकर्ता था और अब पार्टी अध्यक्ष हूं। भाजपा में किसी कार्यकर्ता को बड़े पद पर पहुंचने के लिए किसी खास परिवार में जन्म लेने की जरुरत नहीं है। गौरतलब है कि हाल ही में प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस में यूपी पश्चिम का कार्यभार सौंपा गया है और साथ ही पार्टी का महासचिव बनाया गया था।