दक्षिणी राज्य तमिलनाडु की विधानसभा में पहुचंने के लिए भारतीय जनता पार्टी राज्य के युवाओं के भरोसे है। युवा को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में 60 लाख नई नौकरियों, 18 से 25 साल की युवतियों के लिए मुफ्त ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, जल्लीकट्टू खिलाड़ियों को खेल कोटा में शामिल करने और आठवीं व नौवीं के विद्यार्थियों को मुफ्त टैबलेट देने का वादा किया है।
तमिलनाडु में इस बार आठ लाख युवा पहली बार मतदान करेंगे। तमिलनाडु विधानसभा की 243 सीटों में से भाजपा 20 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। यहां छह अप्रैल को मतदान होगा।
तमिलनाडु में भाजपा के प्रभारी सीटी रवि के मुताबिक उनकी पार्टी दहाई अंकों में सीटें जीत रही है और राज्य में अन्ना द्रमुक और भाजपा मिलकर फिर से सरकार बनाएंगे। रवि के मुताबिक यह चुनाव भविष्य में पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए अच्छा साबित होगा। भाजपा और अन्ना द्रमुक का गठबंधन कांग्रेस और द्रमुक के गठबंधन से बेहतर है और हमारा गठबंधन एक बार फिर से राज्य में सरकार बनाने जा रहा है। रवि के मुताबिक हम लोगों से कह रहे हैं कि आपको अन्ना द्रमुक और भाजपा के लोकतांत्रिक मूल्यों के गठबंधन या दूसरे गठबंधन में से किसी एक को चुनना होगा। उन्होंने कहा कि हमारे उम्मीदवार बेहतर हैं और ये लोगों को पसंद आ रहे हैं।
भाजपा ने तमिलनाडु के लिए अपने घोषणा पत्र में कहा है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजना के माध्यम से राज्य के मछुआरों को हर साल छह हजार रुपए दिए जाएंगे। पार्टी के वादा किया है कि राज्य में अगर उनके गठबंधन की सरकार बनती है तो अन्य भाजपा शासित राज्यों की तरह तमिलनाडु में भी कृषि बजट अलग से लाया जाएगा। ‘ईज आफ डूइंग बिजनेस’ के क्षेत्र में तमिलनाडु को दक्षिण के राज्यों में पहला स्थान पर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मंदिर प्रशासन में हिंदू विद्वानों और संतों के लिए अलग बोर्ड बनाया जाएगा। तमिलनाडु के सभी जिलों में मल्टी स्पेशैलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे। राज्य के सभी घरों में साल 2022 तक जल जीवन मिशन के तहत पीने के पानी के लिए मुफ्त नल की व्यवस्था की जाएगी। राज्य में पांच साल तक रेत के खनन पर रोक लगाई जाएगी।
दिल्ली की तर्ज पर चेन्नई महानगरपालिका को तीन भागों में विभाजित किया जाएगा। गो हत्या विरोधी कानून बनाया जाएगा और गोमांस के लिए केरल व अन्य राज्यों में गायों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। धर्म परिवर्तन को आपराधिक बनाने के लिए धर्मांतरण विरोधी कानून बनाया।
भाजपा उम्मीदवार
पार्टी ने थाउसेंड लाइट्स सीट से अभिनेत्री खुशबू सुंदर को मैदान में उतारा है। वहीं, कोयंबटूर दक्षिण से भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन को टिकट दिया है। यहां उनका सामना मशहूर अभिनेता कमल हसन से होगा। पार्टी तीन पूर्व विधायकों को भी टिकट दिया है। इनमें कारैकुडी से एच राजा, मदुरै उत्तर से पी सरवनन और तिरुनेलवेली से नैनार नागेंद्रन को मैदान में उतारा है। पी सरवनन द्रमुक से भाजपा में आए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पी मुरुगन धारापुरम से चुनाव लड़ेंगे।