Sushil Modi Dies:बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी का निधन हो गया है। उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने से पहले X पर कैंसर होने की जानकारी दी थी। उन्होंने X पर पोस्ट कर बताया था कि वह छह महीने से कैंसर से संघर्ष कर रहे हैं और इस बार चुनाव में कुछ नहीं कर पाएंगे। सुशील मोदी ने अपनी बीमारी के बारे में पीएम नरेंद्र मोदी को पहले ही जानकारी दे दी थी।

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!”

सुशील मोदी के निधन के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता, श्री सुशील कुमार मोदी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित था। उन्होंने बिहार में पार्टी को मज़बूत और लोकप्रिय बनाने के लिए काफ़ी परिश्रम किया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार के विकास के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति!

अमित शाह बोले- लंबे समय तक नहीं भरी जा सकती शून्यता

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूँ। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। ABVP से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति।”

तेजस्वी बोले- व्यथित हूं

राजद नेता और बिहारी के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री, हमारे अभिभावक, संघर्षशील एवं कर्मठ नेता आदरणीय श्री सुशील कुमार मोदी जी के असामयिक निधन की खबर सुन अत्यंत व्यथित हूं। ईश्वर दिवगंत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा परिजनों व शुभचिंतकों को दुख की इस घड़ी में सम्बल प्रदान करे। ॐ शांति ॐ