समाज में पीड़ितों, अछूतों, बीमारों, दिव्यांगों, मनोरोगियों, बेसहारों के सेवाकार्य में दिन रात निस्वार्थ भाव से लगे रहने वाले उज्जैन के सेवाधाम आश्रम के संचालक सुधीर भाई गोयल को चैंपियंस ऑफ चेंज पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मंगलवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में यह पुरस्कार दिया गया। सुधीर भाई गोयल के अलावा 26 अतिविशिष्ट लोगों को भी समाज में अतिविशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कार मध्य प्रदेश के राज्यपाल माननीय मंगू भाई पटेल ने प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्यपाल बनने के बाद वे सेवाधाम आश्रम गए और वहां गोयल जी का सेवा भाव को देखा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा ऐसा विलक्षण कार्य करना बहुत बड़ी और गौरव की बात है।
इनमें सीएम शिवराज सिंह चौहान, पंडवानी लोकशैली की गायिका तीजन बाई, राज्यसभा सांसद सैयद जफर इस्लाम, पूर्व महापौर इंदौर मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, आविष्कारक बनवारी लाल चौकसे, पूर्व लोकसभा सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, भारतीय शास्त्रीय संगीतज्ञ कलापनि कोमकली, संचालक दैनिक भास्कर कार्प लिमिटेड गिरीश अग्रवाल, भारतीय सिने अभिनेता पीयूष मिश्रा, उद्यमी मनन दीक्षित, भारतीय टेलीविजन अभिनेत्री दिव्यंका त्रिपाठी, चेयरमैन दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड दिलीप सूर्यवंशी, ध्रुपद गुरु अभिजीत सुखदाणें, वक्ता एवं लेखक आर्या चावड़ा, चेयरमैन आर.साई. लॉजिस्टिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रोहित सिंह तोमर, प्रदेश की पहली महिला पर्वतारोही मेघा परमार, वरिष्ठ पत्रकार न्यूज एंकर (ए.बी.पी.) विकास भदौरिया, प्रेसीडेंट केंप प्रियंका द्विवेदी, प्रबंध संचालक नर्मदा हेल्थ ग्रुप डॉ. रेणु शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश जैन, फाउंडर येलो डिजी मयूर सेठी और कार्यपालिक सचिव ज्ञान गंगा ग्रुप रजनीत जैन आदि शामिल हैं।
चैंपियंस ऑफ चेंज पुरस्कार इंटरैक्टिव फोरम ऑन इंडियन इकॉनमी (IFIE) संस्था, भारत सरकार द्वारा देश में चिह्नित कुल 115 आशावादी ज़िलों में गांधीवादी मूल्यों (स्वच्छता), सामुदायिक सेवा और सामाजिक विकास को अपने सकारात्मक प्रयासों से बढ़ावा देने वाले राजनेता, सामाजिक कार्यकर्त्ता, उद्यमियों को दिया जाता रहा है।
इंटरैक्टिव फोरम ऑन इंडियन इकॉनमी संस्था प्रतिवर्ष भारत में अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर चैंपियंस ऑफ चेंज पुरस्कार का आयोजन करता है। इस अवार्ड को आम तौर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल या भारत के एक प्रमुख व्यक्ति द्वारा प्रस्तुत किया जाता है। पुरस्कार विजेताओं का चयन न्यायपूर्ति केजी बालकृष्णन (भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और NHRC के पूर्व अध्यक्ष) की अध्यक्षता में शीर्ष संवैधानिक जूरी पैनल द्वारा किया जाता है।
समारोह में विशेष रूप से एडवोकेट नंदन कुमार झा, संस्थापक-चैंपियंस ऑफ चेंज अवार्ड, पुरस्कार चयन समिति के अध्यक्ष, प्रमुख सलाहकार भारत के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति एवं पूर्व अध्यक्ष राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के.जी. बालकृष्णन, डॉ. वेद प्रताप वैदिक चयन समिति के सदस्य एवं सलाहकार, दयाकर रताकोंडा पूर्व भारतीय राजनायिक, श्री देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर महामंत्री चैंपियंस ऑफ चेंज मध्यप्रदेश इकाई, प्रबल प्रताप सिंह तोमर, प्रेसिडेंट यूथ इंटरैक्टिव फोरम ऑन इंडियन इकोनॉमी, कांता गोयल, मोनिका गोयल, गोरी गोयल आर्टिस्ट पार्थ सचिन गोयल, अनिता गोयल के साथ देश के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।