Delhi MCD Election 2022: राज्य चुनाव आयोग एनसीटी दिल्ली शुक्रवार (4 नवंबर) की शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इस दौरान एमसीडी चुनावों की तारीखों की घोषणा की संभावना है। दिल्ली एमसीडी चुनाव दिसंबर के पहले हफ्ते में हो सकते हैं।
बताया जा रहा है कि दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम तैयार कर लिए हैं। ऐसे में चुनाव की तारीख का ऐलान हो सकता है। चुनाव आयोग ने एमसीडी के वार्डों का परिसीमन करने के बाद उनको आरक्षित करने का कार्य भी कर दिया है। इसके अलावा रिटर्निंग ऑफिसर भी नियुक्त कर दिए हैं। इन अधिकारियों ने वार्ड स्तर पर मतदान केंद्र बनाकर उन पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम लोगों से आपत्ति और सुझाव भी ले लिए हैं।
आप ने उम्मीदवार खोजने के लिए किया सर्वे: जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एमसीडी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 60-70 प्रतिशत सीटों पर निवर्तमान पार्षदों को नहीं दोहराएगी। वहीं, कांग्रेस को चुनाव में टिकट की मांग करने वालों से 1,000 आवेदन मिले हैं। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली एमसीडी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों को खोजने के लिए सर्वे किया।
गौरतलब है कि एकीकृत होने के बाद दिल्ली नगर निगम के 250 वार्डों पर चुनाव होगा। इससे पहले दिल्ली नगर निगम तीन भागों में विभाजित था और कुल 272 वार्ड थे। हालांकि, नए परिसीमन में वार्ड की संख्या घटाकर 272 से 250 कर दी गई है।
दिल्ली एमसीडी पर 15 सालों से बीजेपी: दिल्ली एमसीडी पर फिलहाल भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। बीजेपी दिल्ली नगर निगम में पिछले 15 साल से काबिज है। चुनाव आयोग की ओर से दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों में से अनुसूचित जाति के लिए 42 सीटें आरक्षित की गई हैं जबकि महिलाओं के लिए भी 50 फीसदी सीटें रिजर्व रहेंगी। किन-किन सीटों पर महिला और अनुसूचित जाति के कैंडिडेट्स की उम्मीदवारी होगी, इसका चयन भी हो गया है।
चुनाव पर रोक लगाने से इनकार: दिल्ली में एमसीडी चुनाव में परिसीमन की गड़बड़ियों को लेकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार हाईकोर्ट में चुनौती दी है। इस मामले की हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दिल्ली चुनाव आयोग, राज्य और केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। कोर्ट ने कांग्रेस की मांग के बाद चुनाव पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई 14 दिसंबर 2022 को होगी।